श्रीगंगानगर राकेश मितवा।
बीकानेर संभाग में पिछले 2 दिनों से जारी पेट्रोल पंपों की हड़ताल को लेकर अब बीकानेर संभाग की पेट्रोल पंप एसोसिएशन में दरार पैदा हो गई है। एक तरफ जहां जिला प्रशासन से बातचीत के बाद बीकानेर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने अपनी हड़ताल को स्थगित कर दिया हैं और पेट्रोल पंप चालू कर दिए हैं। वही श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ और चूरू के पेट्रोल पंप एसोसिएशन मे अभी हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। श्रीगंगानगर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के प्रवक्ता सुरेंद्र स्वामी ने बताया कि श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ और चुरू के पेट्रोल पंप मालिक सबसे ज्यादा पेट्रोल तस्करी तथा बायोडीजल के अवैध रूप से बिक्री को लेकर परेशान हैं। ऐसे में यहां के पेट्रोल पंप मालिकों की समस्या गंभीर है। प्रशासन इस दिशा में बिल्कुल भी नहीं सोच रहा आज जयपुर में जिला अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता व अन्य सदस्यों के साथ वाणिज्य कर विभाग के आयुक्त रवि गुप्ता व अधिकारियों के साथ बातचीत हुई। जिसमें उन्होंने मांगों पर विचार करने की बात कही थी। ऐसे में एसोसिएशन को विश्वास नहीं आता कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर है ऐसे में तीनों जिलों में हड़ताल लगातार जारी रहेगी। गौरतलब है कि श्रीगंगानगर पेट्रोल पंप एसोसिएशन द्वारा जीएसटी कम करने की मांग के साथ-साथ कोरोना काल में 10%  में से बचे 4 प्रतिशत सेस को वापस लेने, पंजाब से पेट्रोल डीजल की तस्करी को रोकने तथा बायो डीजल की बिक्री को तुरंत बंद करने सहित कई मांगों को लेकर पिछले 2 दिन से लगातार पेट्रोल पंप बंद कर रखे हैं । इस कारण इन जिलों के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरन जहां पेट्रोल-डीजल ब्लैक में 40 से 50 रूपये अधिक में मिल रहा है वहीं पंजाब से भी तस्करी कर आम जनता को भी पेट्रोल-डीजल लाना पड़ रहा है।