बूंदी ब्यूरो रिपोर्ट।

बूंदी शहर में सोमवार को एक सरकारी शिक्षिका के साथ कथित तौर पर एक कांग्रेसी नेता द्वारा छेड़छाड़ कर परेशान करने का मामला सामने आया है। कांग्रेसी नेता के छेड़छाड़ की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ये मुद्दा शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़िता ने कोतवाली थाने में व महिला थाने पहुंच कर रिपोर्ट दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार शहर के एक युवा कांग्रेसी नेता ने एक सरकारी शिक्षिका को रोककर अनवांटेड हरकत की है, जिसका महिला शिक्षिका ने जोरदार विरोध किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों द्वारा समझाइश करने के बाद आक्रोशित महिला शिक्षिका शांत हुई। महिला शिक्षिका ने कांग्रेसी द्वारा की गई हरकत की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। कोतवाली थाना पुलिस ने कांग्रेसी नेता को हिरासत में ले लिया है। शहर कोतवाल सहदेव मीणा के अनुसार कांग्रेसी नेता को थाने में लाकर बैठा दिया है। मामला महिला से छेड़छाड़ का होने की वजह से महिला थाने में पीड़िता को भेज दिया है। महिला थाने से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने आरोपी को पाबंद कराने व सख्त कार्रवाई की रिपोर्ट दी है। आरोपी कांग्रेसी नेता बूंदी शहर का निवासी बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार युवक महिला शिक्षिका को कई बार रोककर उसके साथ बदतमीजी व छेड़छाड़ कर चुका है। कई बार पीड़िता ने बदमाश युवक को समझाकर माफ भी कर दिया था, लेकिन आरोपी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। आज सोमवार को भी बदमाश युवक ने महिला शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। महिला द्वारा हंगामा करने के बाद बदमाश युवक मौके से फरार हो गया। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कांग्रेसी नेता को हिरासत में लेकर मामले में अनुसंधान कर रही है। पीड़िता ने बताया कि अगर उसे न्याय नहीं मिलता है तो वह वरिष्ठ अधिकारियों के पास न्याय की गुहार करेगी।