जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के अलवर और धौलपुर जिलों में आज पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए तीसरे और अंतिम चरण का मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि तीसरे और अंतिम चरण में दोनों जिलों को मिलाकर कुल 7 लाख 86 हजार 738 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। जिसमें से 4 लाख 19 हजार 954 पुरुष, 3 लाख 66 हजार 782 महिलाएं व 2 अन्य मतदाता हैं। साथ ही इन चुनावों के लिए 1066 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। तीसरे और अंतिम चरण में 7 पंचायत समितियों के 167 वार्डों और उनसे संबंधित जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान होना है। पंचायत समितियों सदस्यों के लिए 606 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। आयुक्त पीएस मेहरा ने सभी मतदाताओं से पूरे जोश और उत्साह के साथ तीसरे चरण में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना के साथ बिना किसी प्रलोभन, लालच और दबाव के भयमुक्त मतदान करें। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए है। बता दे, कि अलवर और धौलपुर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 चरणों में चुनाव करवाए जा रहे हैं। तीनों चरण के मतदान के बाद 29 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर मतगणना करवाई जाएगी। प्रमुख और प्रधान का चुनाव 30 अक्टूबर और उप प्रमुख और उप प्रधान का चुनाव 31 अक्टूबर को करवाया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ