जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर में 5 नए न्यायाधीश सहित कुल 6 न्यायाधीशों को सोमवार को मुख्य न्यायाधीश अकील कुरैशी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जोधपुर मुख्यपीठ में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जयपुर पीठ के न्यायाधीश विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह का अधिवक्ताओं एवं आमजन के लिए यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया गया। हाल ही में छत्तीसगढ हाईकोर्ट के न्यायाधीश एमएम श्रीवास्तव को राजस्थान हाईकोर्ट में स्थानान्तरित किया गया था। उनके साथ ही 5 नए न्यायाधीशों को शपथ दिलाई गई। 5 नए न्यायाधीशों में अधिवक्ता कोटे से न्यायाधीश नियुक्त किए गए है। न्यायाधीश फरजंद अली, सुदेश बंसल और अनूप कुमार ढंड ने शपथ ग्रहण की। न्यायिक अधिकारी कोटे से विनोद कुमार भारवानी व मदन गोपाल व्यास को हाईकोर्ट के न्यायाधीश की शपथ दिलाई गई। 6 न्यायाधीशों की शपथ होने से राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या कुल 27 हो गई है।