जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राज्य सरकार ने प्रदेश में रह रहे दिव्यांगजनों के लिए दशहरे पर बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश में दिव्यांगजनों को सरकारी नौकरियों में पहले से ही आरक्षण दिया जा रहा है। अब इन्हें पदोन्नति में भी 4 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इसके साथ ही आयु सीमा में 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट और न्यूनतम अर्हता अंकों में भी 5 प्रतिशत की रियायत मिलेगी। इस संबध में सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के सचिव डॉ समित शर्मा की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के सचिव डॉ समित शर्मा ने बताया कि अधिसूचना जारी कर दी गई है और इसे राजपत्र में प्रकाशन के लिए भेज दिया गया है। प्रकाशन होते ही यह अधिसूचना सभी विभागों में प्रभावी हो जाएगी। राज्य में दिव्यांगों को पदोन्नति में आरक्षण मिलने के बाद इनके लिए काफी आसानी होगी। पदोन्न्ति के ज्यादा अवसर मिलने पर दिव्यांगजनों का उत्साह बढ़ेगा और ये अपना काम और भी ज्यादा बेहतर तरीके से कर सकेंगे।