जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

राजस्थान प्रदेश में दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह इस सिलसिले में 25 से 27 अक्टूबर तक 3 दिवसीय उपचुनाव क्षेत्रों में दौरे पर रहेंगे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव सभा को संबोधित भी करेंगे। प्रदेश भाजपा प्रभारी अरुण सिंह 25 अक्टूबर को यानी आज सीधे उदयपुर पहुंचेंगे और वहां से उपचुनाव क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो जाएंगे। भाजपा जिले की स्थानीय इकाई, फिर उनका आगामी चुनाव से जुड़ा कार्यक्रम तय करेगी। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा की प्रदेश से जुड़े अन्य नेता भी अरुण सिंह के साथ मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सहित अन्य बड़े नेता भी उपचुनाव क्षेत्र में अपना रुख करेंगे। आपको बता दे, कि राजस्थान में वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत और धरियावद से विधायक गौतम लाल मीणा के कोरोना महामारी से हुए निधन के चलते दोनों सीटों पर उपचुनाव का एलान चुनाव आयोग की ओर से कर दिया गया है।30 अक्टूबर को दोनों सीटों पर मतदान होगा और 2 नवंबर को नतीजे सामने आएंगे।