उदयपुर से भगवान प्रजापत।

जनजातिय क्षेत्रीय विकास मंत्री अर्जुन बामणिया एक दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को उदयपुर पहुंचे। बामणिया ने उदयपुर पहुंचने के बाद जनजातिय आयुक्तालय सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रमुख शासन सचिव शिखर अग्रवाल, जनजातिय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बामणिया ने जिलेवार अधिकारियों से कार्यो की समीक्षा की एवं वर्तमान में चल रहे कार्यो की प्रगति को जाना। बैठक में प्रमुख शासन सचिव शिखर अग्रवाल ने धीमी गति के कार्यो में गति को बढाने की बात कही। साथ ही प्रमुख कार्यो को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही। बैठक में बामणिया ने कुछ अधिकारियों के द्धारा कार्यो में लापरवाही बरतने पर नाराजगी व्यक्त की। बामणिया ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनजातिय विभाग की ओर से हो रहे कार्य समय पर पूरा हो ताकि आदिवासी अंचल के लोगों को उनका समय पर लाभ मिल सकें। इसके लिए सभी अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुसार कार्य करना होगा। बामणिया ने यह भी कहा कि जनजातिय विभाग का हमेशा से प्रयास रहा है कि आदिवासी अंचल में अधिक से अधिक कार्य करवाए जाए ताकि इस क्षेत्र के लोग मुख्य धारा से जुड सकें। बैठक में जनजातिय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने प्रमुख शासन सचिव के सामने कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं को रखा। 

बामणिया बांसवाडा के लिए हुए रवाना।

जनजातिय आयुक्तालय में हुई बैठक के बाद मंत्री बामणिया गृह जिले बांसवाडा के लिए रवाना हो गये। इससे पहले बामणिया ने उदयपुर में कुछ लोगों से मुलाकात की एवं कई मुद्दों पर चर्चा भी की।