चूरु से नरेश पारिक।

चूरू में संपत नेहरा गैंग का ख़ौफ़ बढ़ता जा रहा है। यहां बड़े व्यापारियों और उद्योगपतियों को फोन कर उन्हें जेल में बंद संपत नेहरा के नाम पर डराया धमकाया जा रहा है और गैंग के गुर्गों द्वारा रंगदारी मांगी जा रही है।जिले में संपत नेहरा गैंग का खौफ इस कदर है कि कई व्यापारियों ने तो डर के मारे रंगदारी दे भी दी है। इस सूची में एक दो नहीं बल्कि कई व्यापारी शामिल है और रंगदारी की यह रकम कोई छोटी मोटी नहीं बल्कि लाखों-करोड़ों में है। पूरे मामले मे हद तो तब होती है जब पुलिस इस पूरे मामले को ही छिपाने में लगी रही। संपत नेहरा के नाम पर ही सादुलपुर के व्यवसायी व खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेश्याम डोकवे वाले से व्हाट्सएप कॉल पर संपत नेहरा गैंग के गुर्गे ने संपत नेहरा के नाम पर एक करोड़ की फिरौती मांगी जिसके बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आया और डोकवेवाला को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई और इस सम्बंध में सादुलपुर पुलिस थाने में मामला दर्जकर मामले की जांच शुरू की गयी। जानकारी अनुसार चार से पांच दिन पहले के इस मामले में जयपुर पुलिस ने दिल्ली जेल में बंद संपत नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर उससे पूछताछ भी शुरू कर दी है। उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी सादुलपुर पहुंचे और बंद कमरे में पीड़ित व्यवसायी से मामले की जानकारी ली। 

राठौड़ ने कहा प्रदेश में अपराध बढे 

उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रोष जताते हुए कहा कि राजस्थान में अपराध बढ़ रहे है नेशनल क्राइम ब्यूरो रिपोर्ट यह कहने लगी है कि राजस्थान प्रदेश शांत प्रदेश था। लेकिन वर्तमान में अपराध की दृष्टि से सिरमौर बन गया है। राठौड़ ने कहा कि हरियाणा सीमा के लगते चूरू जिले में रंगदारी लंबे समय से चली आ रही है। कभी लॉरेंश, कभी सम्पत नेहरा तो कभी राजू ठेठ इन गैंगस्टरों के नाम पर जिस प्रकार दहशतगर्दी का वातावरण बना है उसमें बहुत से लोगों ने धमकी मिलने पर पैसा दिया है। राठौड़ ने कहा कि जिला शराब, डीजल की तस्करी का ट्रांजिट रूट बना हुआ है। छोटे  बच्चों को अपराध की दुनिया मे उतारने का काम पड़ौसी राज्य हरियाणा के अपराधी कर रहे हैं।सादुलपुर के व्यवसायी व खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेश्याम डोकवे वाले को धमकी मिलने के मामले को लेकर राठौड़ ने कहा उन्होंने इस सम्बंध में डीजीपी से बात की, एडिशनल डीजीपी एसओजी से बात की और जरूरत पड़ने पर सीएम से भी बात करूंगा।