जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
नगर निगम ग्रेटर के उपमहापौर पुनीत कर्णावट ने राज्य में 2 अक्टूबर 2021 से प्रारम्भ किए जा रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है। पुनीत कर्णावट ने कहा कि अलग अलग राजनैतिक पार्टियों से चुनाव में जीत कर आए जनप्रतिनिधि क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनका लोगों से सीधा जुड़ाव होता है एवं क्षेत्र की सम्पूर्ण जानकारी होती है इसलिए जनता से जुड़े अभियान में जनप्रतिनिधियों को अनदेखा करके अधिकारियों को सर्वेसर्वा बनाना कतई उचित नहीं है। उल्लेखनीय है कि जनता से सीधा संबंध व जवाबदेही ना होने के कारण निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नहीं हो पाते हैं। यह भी है कि यदि अधिकारी,कर्मचारी ही पूरी मेहनत व लगन से काम करते तो 10 लाख पट्टे पेंडिंग ना रहते। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में पुनीत कर्णावट ने कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी कार्यक्रम की उपयोगिता एवं प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। क्योंकि कार्यक्रम की सफलता तथा निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है। कर्णावट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आग्रह करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा एवं अधिकारों का सम्मान करते हुए आगामी 2 अक्टूबर से प्रारम्भ किए जा रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करें।


0 टिप्पणियाँ