भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

 भरतपुर के गोपालगढ़ थाना इलाके में शुक्रवार को पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। युवक को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव किया। पथराव के बाद पुलिस ने ग्रामीणों पर जमकर लाठियां भांजी। इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी हाथों में लाठियां लेकर दिख रहे हैं। एक जख्मी महिला सड़क पर पड़ी है।

गोपालगढ़ थाना अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया की शुक्रवार को पुलिस लाड़मका गांव में इजरत अली नाम के आरोपी को पकड़ने गई थी। वह कई दिनों से फरार चल रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी की वह अपने घर आया हुआ है। जैसे ही पुलिस इजरत अली के घर पहुंची, उसके परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर आ गए।

उन्होंने इजरत अली को गिरफ्तार नहीं करने दिया और उसे मौके से भगा दिया। मौके पर इकट्ठे हुए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव में पुलिस की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। पथराव में दो पुलिसकर्मी भैयाज और राजकुमार को चोटें आई हैं। इनका मेडिकल करवाया गया है। कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आईं हैं। इस घटना के बाद कई लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना अधिकारी ने बताया की ग्रामीण पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं की पुलिस ने कामां विधायक जाहिदा खान के दबाव में आकर ये कार्रवाई की है। कुछ दिन पहले हुए पंचायती राज चुनावों में जाहिदा खान के लड़के साजिद ने पहाड़ी पंचायत समिति से प्रधान का चुनाव लड़ा था। लाड़मका गांव के रहने वाले आशिफ बीजेपी से जाहिदा खान के बेटे के सामने खड़ा हुआ था, जो इजरत अली का भाई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का आरोप गलत है। हम कार्रवाई करने गए थे। वहीं ग्रामीणों का पुलिस पर आरोप है की पुलिस ने कामां विधायक जाहिदा खान के दबाव में आकर यह कार्रवाई की है।