जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में बचे हुए 6 जिलों में से 2 जिले अलवर और धौलपुर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। दोनों जिलों में पंचायत राज चुनाव 3 चरणों में संपन्न होंगे। जिसके तहत 20, 23 और 26 अक्टूबर को मतदान होगा. जबकि 29 अक्टूबर को मतगणना होगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के तहत 4 अक्टूबर को इन चुनावों के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। 8 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख रहेगी। 9 अक्टूबर को दाखिल हुए नामांकन पत्रों की जांच और स्कूटनी होगी। जबकि 11 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख तय की गई है। 11 अक्टूबर को चुनाव चिह्न का आवंटन और प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। बता दे, कि प्रदेश में पिछले दिनों 6 जिलों में पंचायत राज चुनाव हुए थे और अब तक प्रदेश के 33 में से 27 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव संपन्न किए जा चुके हैं। जबकि 6 जिलों में चुनाव शेष हैं इनमें से अलवर और धौलपुर जिले में इन चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जबकि श्रीगंगानगर, कोटा, करौली और बारां में जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनावों की तारीखों का ऐलान होना अभी बाकी है।


0 टिप्पणियाँ