सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर में शुक्रवार को अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ द्वारा अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना प्रदर्शन किया और खेमराज समिति के आदेशों की होली जलाई गई। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने बताया कि लगभग तीन वर्ष का सरकार का कार्यकाल पूरा होने को आया। लेकिन राज्य सरकार कर्मचारियों से संवाद नहीं कर कमेटियों के नाम पर गुमराह कर रही है। सरकार राज्य कर्मचारियों की मांगों को लेकर गम्भीर नही है। पूर्व में बनी डीसी सामंत कमेटी की रिपोर्ट को अभी तक ना ही सार्वजनिक किया गया है और ना ही उसकी सिफारिशों को माना गया है। अब पूर्व आईएएस खेमराज चौधरी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन कर कर्मचारियों के मुद्दों को लटकाया जा रहा है। राज्य कर्मचारियों ने अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना प्रदर्शन कर खेमराज समिति के आदेशों की होली जलाई और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर देकर उनकी 15 सूत्री मांगों को पूरा करने व खेमराज समिति के आदेशों को वापस लेने की मांग की है।


0 टिप्पणियाँ