धौलपुर जिले से होकर गुजर रही चंबल नदी का आज शुक्रवार को जल स्तर कम होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हाडोती क्षेत्र में बारिश कम होने के कारण नदी का जल स्तर चार मीटर कम हो गया है। हालांकि खतरे के निशान से जल स्तर मौजूदा वक्त में भी 10 मीटर बना हुआ है।

लेकिन नदी में पानी की आवक कम होने से देर शाम तक जल स्तर में और भी गिरावट देखी जाएगी।आपको बता दें कि आज शुक्रवार को चंबल नदी के जल स्तर में भारी गिरावट देखी गई है। नदी का जल स्तर चार अगस्त को पुराने पुल को क्रॉस कर लेवल 144.70 मीटर तक पहुंच चुका था। लेकिन आज शुक्रवार को चंबल में पानी की आवक कम होने पर 4 मीटर तक नदी का पानी उतर चुका है।

 वर्तमान समय में चंबल उफान पर है। लेकिन पानी की आवक कम होने पर चंबल चंबल का जलस्तर 140.70 मीटर रह गया है। खतरे के निशान 130.79 मीटर से जल स्तर 10 मीटर ऊंचाई पर चल रहा है। लेकिन जिस अनुपात में पानी की आवक कम हो रही है,उससे देर शाम तक जल स्तर में और भी गिरावट देखी जाएगी। नदी का उतरना बाढ़ आपदा से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। 

बाढ़ की चपेट में आने से सरमथुरा,बाड़ी,धौलपुर और राजाखेड़ा उपखंड इलाके के 6 दर्जन से अधिक गांव अभी भी जूझ रहे हैं। लोगों की सैकड़ों बीघा खरीफ फसल बर्बाद हो चुकी है। उसके अलावा गृहस्थी का सामान,अनाज,पशुओ का चारा बर्बाद हो चुका हैं.विगत दो दिन से जिला प्रभारी मंत्री भजन लाल जाटव भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में भ्रमण कर हालातों का जायजा ले रहे हैं। मंत्री जाटव ने बाढ़ आपदा में प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार की तरफ से मदद का भरोसा दिलाया है। .

धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट