कोरोना के कारण अपने प्रियजनों को खो चुके परिवारों का हौसला बंधाने लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इन परिजनों के जख्म बहुत गहरे हैं। हमें संबल और संवेदना रूपी मरहम लगाकर इन्हें राहत देनी है। अब इन परिवारों को नया सफर शुरू करना होगा। मैं हर क्षण इनके साथ हूं, समाज भी हर कदम पर इनका सहभागी बनने का प्रयास करे।


लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सोमवार को सबसे पहले किशनपुरा तकिया गांव स्थित दिवंगत पवन नागर (26) के घर पहुंचे। घरवाले एक ओर जहां पवन के विवाह के सपने देख रहे थे, वहां नियती को कुछ और ही मंजूर था। कोरोना के कारण तबियत बिगड़ी और वह सदा के लिए परिवार से बिछुड़ गया। बिरला ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अ बवह ऐ बेटे-एक भाई के रूप में परिवार के साथ हैं।


लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने ताथेड़ निवासी नवल मेघवाल (40) के परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की। बिरला ने आश्वस्त किया कि नवल की बेटी गीता (13) और बेटे लीलाधर (9) की शिक्षा के समुचित इंतजाम किए जाएंगे। परिवार ने बिरला से कुछ मामलों की शिकायत भी की। बिरला ने आश्वस्त किया कि वे स्वयं इन मामलों को देखेंगे।

जालखेड़ा गांव में लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में दिवंगत व्यक्तियों को सामूहिक रूप से श्रद्धासुमन अर्पित किए। बिरला ने कहा कि कोरोना ने हर उम्र के लोगों पर दुष्प्रभाव डाला। बुजुर्गों और युवाओं को यूं अचानक चले जाने से सभी दुखी हैं। 

मंडाना और कसार में युवाओं की मौतों के बाद परिवारों के क्रंदन को देख बिरला भी भावुक हो गए। वे कसार गांव में सुनीता कुमारी (28) की मृत्यु पर दुख व्यक्त करने पहुंचे थे। परिजनों यह बताते हुए फूट पड़े कि उसकी पांच साल की बेटी निधि दिन भर मां को खोजती रहती है। इसी तरह मंडाना में राजेंद्र राठौर (24) की मृत्यु के बाद जैसे पूरा परिवार ही टूट गया। बिरला ने इन परिवारों का दर्द भी बांटने का प्रयास किया। बिरला नयागांव, खेड़ा रसूलपुर, केवल नगर, तथा ग्राम मांदलिया में भी शोक संतप्त परिवारों के बीच पहुंचे। इस दौरान लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी उनके साथ रहीं।

 


गंगायचा में खाळ के कारण न हो नुकसान

लोकसभा अध्यक्ष के दौरे में गंगायचा गांव के लोगों ने बिरला को खाळ की समस्या की जानकारी दी। लोगों ने आशंका जताई कि बरसातों के दौरान यह खाळ गांवों में जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है। बिरला ने ग्रामीणों के साथ मौका देख जिला कलक्टर को फोन कर समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बिरला ने कहा कि बरसातों के दौरान किसी को भी नुकसान नहीं होना चाहिए।



सात दिन में बनाएं सड़क

लोकसभा अध्यक्ष बिरला के ताथेड पहुंचने पर ग्रामीणों ने आॅयल डिपो से मवासा गांव जाने वाले मार्ग की बदहाली की शिकायत की। लोगों ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि कई लोग घायल हो चुके हैं। बिरला ने उसी समय पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने सफाई दी कि पहले जिस ठेकेदार के पास टेंडर था वह काम बीच में छोड़ गया। अब दुबारा टेंडर हो गए हैं, दस दिन में सड़क बन जाएगी। बिरला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सात दिन में पूरी गुणवत्ता के साथ सड़क बननी चाहिए।


मवासा गांव में लगाया पौधा

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने मवासा गांव में पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ कया। बिरला ने प्रत्येक ग्रामीण विशेषतः युवाओं और बच्चों का आव्हान किया कि वे अपने-अपने नाम का पौधा लगाएं और उसे संरक्षित कर पेड़ बनने तक सेवा करें। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं। मानसून ने दस्तक दे दी है, ऐसे में यह पौधे लगाने का सही समय है। अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण अभियान में सहभागी बने।



आज सुल्तानपुर-पीपल्दा क्षेत्र जाएंगे लोकसभा अध्यक्ष

लोकसभा अध्यक्ष बिरला मंगलवार को सुल्तानपुर और पीपल्दा क्षेत्र का दौरा करेंगे। उनका मंगलवार को मंूडला, दीगोद, कंवलपुरा, जालिमपुरा, सुल्तानपुर, बड़ौद, बिनायका, गणेशगंज, अयाना, इटावा, और गैंजा जाने का कार्यक्रम है।

कोटा से हंसपाल यादव की रिपोर्ट।