करौली से अवनीश पाराशर की रिपोर्ट। 

भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद अंकित शर्मा की नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में बवाल मचा हुआ है। कार्यकर्ताओं का विरोध सोशल मीडिया से चलता हुआ अब धरातल पर पहुंच गया है। इसी क्रम में आज युवा मोर्चा मंडल महू के कार्यकर्ताओं ने संगठन के बड़े नेताओं पर वफादार और संगठन समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा का पूतला फूंका और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला भाजपा संगठन में ऐसे कई कार्यकर्ता हैं जिन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए धरातल पर कार्य किया है फिर भी प्रदेश संगठन ने समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करते हुए कांग्रेस से आए हुए कार्यकर्ता को वरीयता दी।  संगठन के ऐसे निर्णय लेने से कार्यकर्ता नाराज हैं। नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और जिला भाजपा संगठन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर संगठन ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता इस्तीफा दे देंगे। गौरतलब है कि युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से उठे विरोध के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने इस्तीफे दे दिए। विरोध प्रदर्शन में भाजयुमो उपाध्यक्ष शिवदीप गुर्जर , वीरेंद्र सिंह, वीर सिंह सौलंकी, धीरज शर्मा, विश्वेंद्र तंवर, रामवीर , मनोज भारद्वाज, तेज सिंह सोलंकी, रामकेश समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।