ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में अब कोरोना की दूसरी लहर की विदाई लगभग तय हो गई है। इसी बीच खतरनाक खबर यह आई है कि देश के 8 राज्यों की तरह अब राजस्थान में भी कोरोना का नया वेरिएंट डेल्टा प्लस पाया गया है जो कि अब एक खतरनाक स्थिति की ओर इशारा कर रहा है। प्रदेश के बीकानेर जिले में एक 65 वर्षीय महिला मरीज में इसके होने की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार को सामने आए कोरोना रिपोर्ट के नतीजों के अनुसार अब प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण काफी हद तक कम हो गया है। प्रदेश में अब कुल एक्टिव केस 1873 रह गए हैं। इनमें सर्वाधिक अलवर में 395 एक्टिव केस हैं। अब तक सर्वाधिक एक्टिव केस मे अव्वल रहे जयपुर में अब अलवर से भी कम 364 एक्टिव केस रह गए हैं। वही प्रदेश का तीसरा जिला ऐसा जोधपुर है, जहां 100 से ज्यादा 142 केस एक्टिव है। प्रदेश के 30 जिलों में 100 से कम एक्टिव केस रह गए हैं।
देखा जाए तो पिछले 8 दिन के दौरान कोरोना के पॉजिटिव केस के आंकड़ों की स्थिति अचानक विपरीत हुई है। अलवर जिले में 18 जून से अब तक 303 पॉजिटिव केस दर्ज किए जा चुके हैं। यहां 18 जून को 16, 19 जून को 25, 20 जून को 26, 21 जून को 53, 22 जून को 47, 23 जून को 31, 24 जून को 58 और 25 जून शुक्रवार को यानी आज 47 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। 8 दिन के दौरान मिले पॉजिटिव केस का कुल योग 303 है। जब कि राजधानी जयपुर में इसी अवधि के दौरान 219 पॉजिटिव केस मिले हैं, जो कि अलवर से 84 पॉजीटिव केस कम है। यानी देखा जाए तो अब प्रदेश का अलवर जिला ही एकमात्र ऐसा जिला रहा है जहां संक्रमण बरकरार है।
इसी बीच सबसे सुखद खबर यह है कि प्रदेश में 85 दिन की अवधि के बाद लगातार दूसरा दिन ऐसा रहा जहां कोरोना से एक भी मौत दर्ज नहीं की गई। प्रदेश में 24 घंटे के दौरान एक्टिव केस भी कम हुए वहीं पॉजिटिव केस में भी 16 की कमी होकर कुल पॉजिटिव केस 131 दर्ज किए गए। अलवर 47 जोधपुर 17 और जयपुर 12 पॉजिटिव केस को छोड़कर प्रदेश के सभी 30 जिलों में 6 या इससे कम पॉजिटिव केस दर्ज किए गए।


0 टिप्पणियाँ