ब्यूरो रिपोर्ट!

राजस्थान में शनिवार का दिन कोरोना संक्रमण की दिशा में बड़ी राहत की खबर लेकर आया। प्रदेश में इस दिन कुल 942 पॉजिटिव केस मिले जो पिछले कई दिनों की तुलना में काफी कम है। यानी कि कई दिनों बाद संक्रमित केस का आंकड़ा 1000 के नीचे आया है। इनमें भी 27 जिले ऐसे रहे जहां 50 से कम केस दर्ज किए गए और उनमें भी कम केस की बात करें तो प्रदेश के 20 जिले ऐसे रहे जहां 20 से भी कम संक्रमित केस पाए गए। कुल मौतें भी पिछले दिन की तुलना में 12 कम होकर 32 दर्ज की गई। शुक्रवार को प्रदेश में 44 मौतें दर्ज की गई थी। शनिवार को भी सर्वाधिक मौत जयपुर में 7 मरीजों की हुई। 16 जिले ऐसे रहे जहां एक भी मरीज की मौत कोरोना से नही हुई। एक्टिव केस की बात की जाए तो राजधानी जयपुर में सर्वाधिक 4457 एक्टिव केस बचे हैं। वही जयपुर के अलावा दूसरे नंबर पर 1754 के साथ अलवर तीसरे पर 1563 के साथ जोधपुर। चौथे पर 1201 के साथ हनुमानगढ़, पांचवे पर गंगानगर 1126 के साथ और उदयपुर में 1107 एक्टिव केस बने हुए हैं। प्रदेश में लगभग 45 दिनों के लॉकडाउन ने कोरोना वायरस की चैन को धीरे-धीरे तोड़ने में सफलता प्राप्त की है और एक बार फिर प्रदेश अनलॉक की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में जनता को यह चाहिए कि वो इस स्थिति को धीरे-धीरे सामान्य की ओर बनाए रखने में अपना अहम किरदार निभाए। कोरोना गाइडलाइन की सख्ती से पालना करें। ध्यान रखिए कोरोना एक खतरनाक वायरस है। इसकी तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। इसलिए सावधान रहिए सतर्क रहिए और सुरक्षित रहिए। कोरोना अभी गया नहीं है।