ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर का असर लगातार कम होता नजर आ रहा है। मंगलवार को भी पॉजिटिव केस में कमी दर्ज की गई। मंगलवार को सामने आए सरकारी आंकड़े काफी रोचक भी रहे। कुल संक्रमितों की संख्या में सटीक 100 केस की कमी दर्ज की गई। सोमवार को जहां प्रदेश में 629 संक्रमित केस दर्ज किए गए थे। वहीं मंगलवार को यह आंकड़ा सौ कम होकर 529 दर्शाया गया। यही नहीं जहां सोमवार को राजधानी जयपुर में 75 पॉजिटिव केस सामने आए थे वहीं मंगलवार को यह लगभग 100 के आसपास बढ़कर जयपुर के कोड में 141 दर्ज किए गए। प्रदेश का अलवर जिला दूसरा ऐसा जिला रहा जहां 50 से ज्यादा यानी 61 पॉजिटिव केस सामने आए। हालांकि संक्रमित केस की संख्या में कमी दर्ज की गई लेकिन मौतों का आंकड़ा देखा जाए तो यह रविवार से लगातार बढ़ोतरी के ग्राफ में सामने आ रहा है। रविवार को प्रदेश में जहां 25 मौत हुई थी, वहीं सोमवार को यह 31 पर पहुंच गई और मंगलवार को सामने आए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कुल 32 मरीजों ने इस महामारी के चलते दम तोड़ दिया। सर्वाधिक मौतें राजधानी जयपुर में 5 और दूसरे स्थान पर बीकानेर में चार दर्ज की गई। प्रदेश के 26 जिले ऐसे रहे जहां 15 या इससे कम संक्रमित केस दर्ज किए गए। बांसवाड़ा और डूंगरपुर ऐसे जिले रहे जहां एक भी पॉजिटिव केस दर्ज नहीं किया गया। प्रदेश में अब कुल एक्टिव केस 13624 रह गए हैं जो सोमवार के मुकाबले लगभग दो हजार कम है जयपुर में सर्वाधिक 2789 पॉजिटिव केस रह गए हैं।


0 टिप्पणियाँ