श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर
कोविड-19 के लगातार संक्रमण और इसकी भयावहता को देखकर हर कोई चिंतित है, अब चिकित्सकीय संस्थानों के अलावा निजी क्षेत्र में शिक्षण संस्थान भी इसमें अपना सहयोग ओर सेवा की आहुति डालने के लिए आगे आ रहे हैं । शुरुआत की है नेतेवाला के रीगल कान्वेंट स्कूल प्रबंधन ने। रीगल कान्वेंट स्कूल ने अपनी पूरी बिल्डिंग कोविड-19 के कार्यो के लिए जिला प्रशासन को समर्पित कर दी है । अंगदान जागरूकता संस्थान, गौरा फाउन्डेशन ट्रस्ट के संयोजक पूर्व वायुसैनिक सुनील सिहाग ने बताया कि फाउन्डेशन संचालित रीगल कॉन्वेंट स्कूल नेतेवाला की पूरी बिल्डिंग आइसोलेशन वार्ड के लिए जब तक प्रशासन चाहेगा तब तक उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि कॉविड महामारी से उपजी विकट परिस्थितियों और इसके बढ़ते प्रकोप से निपटने की आगामी तैयारियों में प्रशासन का सहयोग करने के लिए गौरा फाउंडेशन ट्रस्ट नेतेवाला और उनके समाजिक कार्यकर्ता कटिबद्ध हैं। गंगानगर एसडीएम उम्मेद सिंह रत्नू को आज उनके कार्यालय में सहमति पत्र सौंप कर उन्हे इस बारे में अवगत कराया।
रीगल कॉन्वेंट स्कूल 15 बड़े हवादार कमरों, वाटर कूलर, पर्याप्त शौचालय, बिजली जनरेटर, गद्दे आदि से संसाधन सम्पन्न हैं। कॉविड रोगियों के लिए गर्म पानी, काढ़ा, बेड, स्टीमर और भोजन की व्यवस्था भी अगर जरूरत पड़ी तो गौरा फाउंडेशन की टीम इसकी भी व्यवस्था करेगी। ये सभी व्यवस्थाएं गौरा फाउंडेशन गांव के कार्यकर्ताओं व प्रबुद्ध जनों के मार्गदर्शन और सहयोग से करेंगे। पूर्व वायुसैनिक सुनील सिहाग ने कहा की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन के साथ निजी संस्थाएं और सामाजिक संगठनो को आगे आना चाहिए। गौरा फाउंडेशन के सहसंयोजक राजेंद्र श्योराण, सचिव पवन जैन और कोषाध्यक्ष पवन ग्रोवर ने रीगल कॉन्वेंट स्कूल की मैनेजमेंट कमिटी का धन्यवाद ज्ञापित किया।


0 टिप्पणियाँ