ब्यूरो रिपोर्ट!

कोरोना महामारी से जूझ रहे राजस्थान में अब मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद शायद चिकित्सा महकमे में यह कोशिश शुरू हो गई है कि किसी ना किसी तरीके से कोरोना वायरस संक्रमण को सरकार के सामने रोका जाए। राजकाज न्यूज़ ने पिछले कई दिनों से आंकड़ों की जांच के बाद यह जाना कि चिकित्सा विभाग की ओर से जारी की जा रही मीडिया रिपोर्टों में अब तक कुल संक्रमित पाए जाने के आंकड़े सामने आते हैं। कुल टेस्ट अब तक कितने हुए, यह आंकड़े भी सामने आते हैं? लेकिन किस जिले में किस रोज कितने टेस्ट किए गए और उस टेस्टिंग की रिपोर्ट क्या रही, इस बात का खुलासा इन आंकड़ों में नहीं किया जा रहा।

 और इसी का नतीजा है कि पिछले चार-पांच दिन से अचानक पॉजिटिव केस  की रफ्तार में 50% तक की कमी सामने आई है। वहीं यथार्थ के धरातल पर हालात जस के तस नजर आ रहे हैं। हां, यह बात जरूर है कि प्रदेश में ऑक्सीजन की स्थिति में लगभग 70% काबू पा लिया है और दिन ब दिन इसमें सुधार भी हो रहा है। लेकिन जहां तक पॉजिटिव केस के आंकड़ों की बात है गांवों में भयावह हालात को देखते हुए किसी के सामने भी सरकारी आंकड़ों की बात गले से नीचे नहीं उतर रही । फिलहाल जो भी स्थिति है, एक दिन के अंतराल में हम आपको बता रहे हैं कि प्रदेश के मुख्य जिलों के आंकड़ों में 24 घंटे के दौरान कितना फर्क रहा। मंगलवार को जयपुर में सर्वाधिक 2676 पॉजिटिव केस पाए गए थे वहीं बुधवार को भी 2338 केस के साध संक्रमित मामलों की संख्या में जयपुर हमेशा की तरह आगे रहा। अलवर में मंगलवार को 401 वहीं बुधवार को 646 केस सामने आए। इसी तरह जोधपुर में 620 के मुकाबले 524, सीकर में 397 के मुकाबले 417, बीकानेर में मंगलवार को जहां 156 संक्रमित केस सामने आए थे वहीं बुधवार को यह दुगुने से भी ज्यादा 399 दर्ज किए गए। उदयपुर में दोनों दिन का आंकड़ा बराबर रहा और यह आश्चर्य की बात भी है कि यहां मंगलवार को भी 550 संक्रमित पाए गए और बुधवार को भी 550 ही सामने आए।

 यानी की कुल संख्या में एक मरीज की भी गठत- बढ़त नहीं हुई। जहां तक कोरोना से मौत होने का सवाल है, जयपुर में सर्वाधिक 37, उदयपुर में 13, जोधपुर में 11, बीकानेर में 10, कोटा और अलवर में 6--6, पाली और हनुमानगढ़ में पांच-- पांच मरीजों के साथ कुल 139 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि प्रदेश में अब कुल संक्रमित केस 153126 बचे हैं। बुधवार को 16039 मरीज कोरोना से रिकवर हुए हैं।