ब्यूरो रिपोर्ट। 

राज्य सरकार की पिछले वर्ष लॉकडाउन के समय परिजनों की अस्थियां हरिद्वार ले जाने के लिए मोक्ष कलश स्पेशल बस सेवा की योजना को चौ तरफ़ा सराहना मिली थी और इस बस सेवा से प्रदेशभर में बड़ी सँख्या में लोगों को सुविधा मिली थी।  कोरोना को दूसरी लहर में हालात बिगड़ने के मद्दे नज़र रोडवेज प्रबंधन ने बड़ा फ़ैसला लेते हुए स्पेशल बस सेवा के अलावा प्रदेश से हरिद्वार जाने वाली नियमित एक्सप्रेस बसों में भी फ़्री सुविधा के आदेश जारी किए हैं। 

राजस्थान सरकार की मोक्ष कलश योजना 2020 के तहत अब अस्थि कलश के साथ हरिद्वार जाने आने के लिये परिवार के दो सदस्यों को राजस्थान सरकार द्वारा रोडवेज की नियमित एक्सप्रेस बस सेवा में निःशुल्क यात्रा उपलब्ध करायी जाएगी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की वेबसाईट www.rsrtc.rajasthan.gov.in और www.rsrtconline.rajasthan.gov.in पर ऑनलाईन पंजीयन कराने के बाद निःशुल्क यात्रा का लाभ उठाया जा सकेगा। यात्रा के लिये पंजीयन के समय मृत व्यक्ति का पूर्ण विवरण, मृत्यु दिनांक, यात्रा हेतु परिवार के सदस्यों के नाम व उम्र, लिंग, आधार/जनाधार, मोबाईल नं. की आवश्यक जानकारी दिया जाना अनिवार्य होगा तथा इससे सम्बन्धित दस्तावेजों की प्रतियां साथ रखनी होगी 

 देवस्थान विभाग की गाईडलाईन के अनुसार राज्य सरकार के निर्देशानुसार अब से सरकारी कर्मचारी (केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, निगम बोर्ड, राजकीय उपक्रम इत्यादि) एवं आयकर दाता इस सेवा के लिये अधिकृत नहीं होंगे। पंजीयनकर्त्ता द्वारा उपलब्ध करायी गई जानकारी झूठी/गलत पाये जाने पर किराये के साथ जुर्माने की राशि भी वसूल की जावेगी।