कोटा से हँसपाल यादव की रिपोर्ट।
गुना एवं रुठियाई की तरफ से चलकर सवाई माधोपुर जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ की तरफ जाने वाली रेल गाड़ियों के कोचों में चंद मिनटों में ही पानी भरने की व्यवस्था अब बहुत जल्द सोगरिया स्टेशन पर शुरू होने वाली है । इस व्यवस्था के शुरू होने के बाद रेलगाड़ियों को कोटा लाने की जरूरत नहीं रहेगी । कैमटेक डिजाइन की इस नई व्यवस्था से 24 कोचों की पूरी ट्रेन में 4 से 5 मिनट के भीतर ही पानी भरना संभव होगा । वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजय कुमार पाल ने बताया कि सोगरिया स्टेशन पर विकास कार्य अपने अंतिम चरणों में है और बहुत जल्द इस स्टेशन पर यात्री गाड़ियों का ठहराव शुरू होगा । इसी को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने यात्री गाड़ियों में पानी भरने के लिए अत्याधुनिक कैमटैक डिजाइन का वाटरिंग सिस्टम स्थापित किया है । इसके लिए इंजीनियरिंग विभाग की टीम द्वारा ढाई लाख लीटर क्षमता की आरसीसी से निर्मित ओवरहेड टैंक का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही 2 बोरवेल भी बनाए गए हैं ।
लगभग 6 इंच व्यास का और 590 मीटर लंबाई का वाटर हाइड्रेंट लगाया गया है । इसके अलावा लाइन नंबर 1 और 2 के बीच पानी की निकासी के लिए पक्का ड्रेनेज सिस्टम भी बनाया गया है। आने वाले दिनों में सोगरिया स्टेशन पर जबलपुर से अजमेर और अजमेर से जबलपुर, भोपाल से जोधपुर और जोधपुर से भोपाल, भागलपुर से अजमेर एवं अजमेर से भागलपुर के अलावा कोलकाता अजमेर, अजमेर कोलकाता, संतरागाछी अजमेर आदि ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा । इन रेलगाड़ियों में पानी भरने के लिए क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाया गया है । इससे रेलगाड़ियों को कोटा जंक्शन तक लाने की जरूरत नहीं रहेगी और इंजन के रिवर्सल आदि में लगने वाले आधा घंटा समय की बचत होगी। आने वाले दिनों में क्रू चेंजिंग पॉइंट भी सोगरिया स्टेशन को ही बना दिया जाएगा जिससे यात्री गाड़ियों के समय की बचत होगी तथा 24 कोचों वाली ट्रेन के सभी डिब्बों में महज 4 से 5 मिनट के भीतर पानी भरना संभव होगा ।



0 टिप्पणियाँ