श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर

श्रीगंगानगर के जिला कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने आमजन से अपील की है कि जो भी 45 वर्ष आयु या इससे ऊपर आयु के लोग हैं वे कोविड वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने मुख्यत: बच्चों व युवाओं से आह्वान किया है कि वे अपने परिजनों को कोविड वैक्सीन के प्रति जागरूक करते हुए टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्हें समझाएं कि कोविड टीकाकरण के जरिए न केवल स्वयं व परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित होंगे बल्कि इससे राष्ट्र को भी कोरोना मुक्त करने में सहयोग होगा।सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि जिले में दो अप्रैल को 83 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ।जहां 6822 लोगों के टीका लगा। इसी तरह तीन अप्रैल को 303 केंद्रों पर टीकाकरण होगा। आरसीएचओ डॉ. एचएस बराड़ ने बताया कि शनिवार अनूपगढ़ खण्ड के समस्त सीएचसी व पीएचसी सहित 37 केंद्रों, घड़साना के 30, श्रीगंगानगर खण्ड के 47 केंद्रों, श्रीकरणपुर के 42, पदमपुर खण्ड के 38, रायसिंहनगर के 45, सादुलशहर के 33 एवं सूरतगढ़ खण्ड के 23 केंद्रों पर टीकाकरण होगा। वहीं जिला मुख्यालय पर यूपीएचसी अशोकनगर, गुरुनानक बस्ती, पुरानी आबादी, अरबन नंबर दो, वार्ड नंबर चार-पांच व यूपीएचसी सूरतगढ़ एवं जिला अस्पताल सहित निजी संस्थान एसएस टांटिया रिसर्च सेंटर व टांटिया जनरल हॉस्पीटल में कोविड टीकाकरण होगा।