जालौर से सुरेश धवल की खबर। 

जालोर जिले में कोरोना का विस्फोट होना एक बार फिर शुरू हो गया है। मार्च के बाद से कोरोना तेजी के साथ फैलना शुरू हुआ। दूसरी लहर आने के बाद पहली बार एक साथ 13 कोरोना के रोगी जिले में पॉजिटिव आए। जिले में अब तक कोरोना वायरस से 5877 संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात यह है कि जिले में 5 हजार 753 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इधर कोरोना को लेकर शहर समेत जगह-जगह लापरवाही बरतनी शुरू हो गई है, जिसमें लोग बिना मास्क घूम रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को भी नगर परिषद ने शहर में बिना मास्क घूमने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए 24 लोगों का चालान काटकर 4800 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

यहां मिले संक्रमित मरीज

जिले में 13 नए कोरोना के मरीज पॉजिटिव आए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह देवल ने बताया कि जिले में 13 नए व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। जो जालोर शहर में 3 चौराऊ उम्मेदाबाद नोरवा कानदर सांचौर आमली आईपुरा कोट कास्ता बाकरा गांव एवं विशाला में 1-1 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।

भीनमाल क्षेत्र में टीकाकरण के लिए बनाए गए अलग-अलग केंद्र

कोरोना से बचाव के लिए 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए उपखंड क्षेत्र में अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। बीसीएमओ डॉ. दिनेश विश्नोई ने बताया कि शनिवार को भीनमाल उपखंड में राजकीय अस्पताल, राउप्रावि सुरता की ढाणी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुना ,साउप स्वास्थ्य केंद्र वियो का गोलिया राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मामाजी का जेडका, पुनासा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दांसपा ग्राम पंचायत रुचियार और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कलबीयो की ढाणी कोरा में 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी आमजन काे निशुल्क टीका लगाया जाएगा।

45 उम्र से अधिक वाले 3 लाख 29 हजार लोगों को लगेगा टीका

जिले में अब 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगना शुरू हो गया है। टीकाकरण प्रभारी के अनुसार 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले 3 लाख 29 हजार लोगों का टीकाकरण होगा। इसको लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में टीकाकरण होना शुरू हो गया। इससे पहले स्वास्थ्य वर्कर राजस्व विभाग शिक्षा विभाग पुलिसकर्मी समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियाें काे टीका लग चुका है। चिकित्सा विभाग के कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत जिले में अब तक 1 लाख 37 हजार 998 लोगों को कोरोना वायरस से बचाव का टीका लगाया गया।