अजमेर. अजमेर जिले के मदनगंज थाना क्षेत्र स्थित सुमेर नगर में बंदूक की नोक पर युवती का अपहरण करने वाले हैडकांस्टेबल के बेटे सहित छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपियों के साथ ही अपहर्ता युवती गुजरात के मेहसाणा में पुलिस को मिली। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है वहीं पीडि़ता युवती का मेडिकल करवाकर उसकी इच्छानुसार उसे नारी निकेतन भेज दिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र शर्मा ने बताया कि सुमेर नगर में एक युवती का बंदूक की नोक पर अपहण होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए टीमें लगाई गई और गहनता से जांच की। जिसमें सामने आया कि मुख्य आरोपी सुनील जाट युवती को गुजरात की ओर लेकर गया है। इस पर आरोपियों को दबोचने के लिए गुजरात के मेहसाणा एसपी से बातचीत कर वसई थाना क्षेत्र पुलिस से सम्पर्क साधा। 

जिसके बाद आरोपी सुनील जाट व उसके साथी दुर्गेश यादव को पकड़ लिया गया। एसपी ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर किशनगढ़ लाया गया जबकि युवती को भी दस्तयाब करके अस्पताल में पहले मेडिकल और बाद में कलमबंद बयान दर्ज किए गए। एसपी ने कहा कि घटना में लिप्त नरेंद्र, लोकेंद्र सोनू यादव और रमेश प्रजापत को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

पीडि़ता ने परिजन के साथ जाने से किया इनकार एसपी ने एक सवाल के जवाब में साफ कहा कि पीडि़ता ने अपने परिजन के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। उसकी इच्छानुसार उसे नारी निकेतन भिजवाया गया है। प्रेम प्रसंग को लेकर पूछे गए सवाल को हालांकि एसपी शर्मा टाल गए। उन्होंने अनुसंधान करने की बात कहकर पल्ला झाड़ा है..

वसुंधरा के ट्वीट के बाद बढ़ा था दबाव,

उक्त मामला सामने आते ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया और घटना की निंदा की। उन्होंने इसको लेकर जहां राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जताया। राजे ने अपने ट्वीट के जरिए जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

अजमेर से नवीन वैष्णव की खबर