जयपुर. डॉक्टर के घर चांदी चोरी के मामले में नया ट्विस्ट सामने आया। जहां चांदी चोरी के मामले में आरोपी ने राजस्थान हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वैशाली नगर में डॉक्टर के घर 26 फीट लंबी सुरंग खोदकर 540 किलो चांदी की चोरी के आरोपी मास्टरमाइंड शिखर अग्रवाल ने हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की। 


इस याचिका में सीबीआई से मामले की जांच कराने की मांग की गई। आरोपी शिखर अग्रवाल के वकील पवन शर्मा ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई इस याचिका में कहा- कि जयपुर पुलिस और शिकायतकर्ता डॉक्टर सुमित सोनी की ओर से आरोपी पर लगातार दबाव बनाने को लेकर 6 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, लेकिन अभी तक दर्ज हुई F.I.R. में चोरी हुई कुल चांदी कितने किलो की है इसका भी जिक्र नहीं किया गया।

आरोपी के वकील ने याचिका में कहा कि शिकायतकर्ता डॉ सुमित सोनी और एसओजी के बीच सांठगांठ होने की बात सामने रही है, जिसके कारण एसओजी द्वारा मामले में निष्पक्ष जांच करने की संभावना कम ही नजर आ रही है। याचिका पर सुनवाई के दौरान शुक्रवार को आरोपी के वकील पवन शर्मा ने बहस के दौरान कहा कि उनके वादी को एसओजी की कार्यशैली पर भरोसा नहीं इसलिए मामले की जांच एसओजी से नहीं करवाकर सीबीआई से करवाने की मांग की है। 

यह पहली बार ऐसा होगा कि जब किसी मामले में आरोपी द्वारा ही सीबीआई जांच की मांग की गई है। अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 25 मार्च की तारीख तय की है। मामले में अब यह देखना है कि अब राजस्थान हाईकोर्ट क्या निर्णय लेती है?

जयपुर से प्रीति दादूपंथी की रिपोर्ट