नागौर. तकनीक और मोबाइल के दौर में लोग किताबों से दूर हो रहे हैं ,तो कंही किताबों के ऑनलाइन  होने पर लोग ऑनलाइन ही किताबों को पढ़ भी रहे हैं , ऐसे में नागौर  जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के दिए गए निर्देशों के मुताबिक जिला मुख्यालय  नागौर स्थित गांधी चौक में राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय में रखी किताबों की जानकारी को ऑनलाइन करने का कार्य जिला शिक्षा अधिकारी संपतराम के निर्देशन में जारी है।

सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक योगेश कुमार ने बताया कि अब तक लगभग 10150 पुस्तकों का रिकॉर्ड संग्रहित कर, उन्हें नागौर जिला एडमिनिस्ट्रेशन की वेबसाइट पर ऑनलाइन कर दिया गया है। पाठक इसके लिए जिला एडमिनिस्ट्रेशन की वेबसाइट पर नागौर लाइब्रेरी सेक्शन में राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी ले सकते है।

गौरतलब है कि जिला कलक्टर डाॅ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने पिछले दिनों भाषा एवं पुस्तकालय विभाग के गांधी चौक स्थित सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने अलमारियों में रखी पुरानी व दुर्लभ पुस्तकों की सही देखभाल करने व यहां आने वाले सदस्य पाठकों को इसके बारे में जानकारी देने और रूचि दिखाने पर पुस्तक पढ़ने के लिए जारी करने के निर्देश दिए थे। इसी के साथ जिला कलक्टर सोनी ने पुस्तकालय अध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक कार्यालय में संपर्क करें और सभी किताबों का रिकाॅर्ड संग्रहित कर उन्हें नागौर जिला एडमिनिस्ट्रेशन की वेबसाइट पर आनलाइन करवाए, इसी कड़ी में पुस्तकों को आनलाइन करने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए नागौर लाइब्रेरी के नाम से वेबसाइट पर एक अलग लाॅगइन भी दिया गया है। डाॅ. सोनी ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संपतराम को इस कार्य की पूरी माॅनिटरिंग करने व मासिक बैठक कर समीक्षा करने के निर्देश दिए थे। जिला कलेक्टर के निर्देशों पर नागौर में हुए नवाचार के तहत पुस्तकों के आनलाइन होने से जिले सहित प्रदेश भर के पाठकों को लाभ मिलेगा।

नागौर से शबीक अहमद उस्मानी की खबर,