श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर
श्रीगंगानगर। सांसद निहाल चन्द ने लोकसभा में शून्य काल के दौरान श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों समेत राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 22 मार्च को आए तूफ़ान और भारी वर्षा से हुए फसलों के नुकसान पर किसानों को उचित मुआवजे देने की मांग राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष की है। सदन में सांसद ने कहा कि दोनों कृषि सम्पन्न और अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे हुए जिले है । और यहाँ बड़े पैमाने पर गेहूँ, चावल सरसों, चना, कपास, गन्ना, जौ की पैदावार होती है। राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अचानक हुई भारी वर्षा व लगभग 60 किमी. की तेज रफ़्तार से आए तूफ़ान से खेत में खड़ी गेहूं, सरसों, चना व जों की लगभग तैयार फसलों को बहुत ही नुकसान हुआ है ।
बहुत से किसानों की लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक फसल खराब हो गई है । क्षेत्र में लगभग 2.18 लाख हेक्टयेर की फसलों को नुकसान पहुंचा है । बिजली विभाग को भी लगभग 1.43 करोड़ रूपए के नुकसान का अनुमान है । कुल मिलकर दोनों जिलों में लगभग 1000 हजार करोड़ रूपए के नुकसान का अनुमान है । सांसद निहाल चन्द ने इस सन्दर्भ में मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर उचित मुआवजे की मांग की है ।
सांसद ने दोनों जिलों में राज्य सरकार से SDRF व केंद्र सरकार से NDRF की टीमों का भी दौरा कराने का आग्रह किया । ताकि वहां हर संभव मदद पहुँचाने हेतु सही से आंकलन हो सके ।


0 टिप्पणियाँ