अन्य सेवा से आईएएस में चयनित चार अधिकारियों के नाम की सूची गुरुवार को डीओपीटी ने जारी कर दी। डीओपीटी के नोटिफिकेशन अनुसार लेखा सेवा से शरद मेहरा और हेम पुष्पा शर्मा, कृषि सेवा से सीताराम जाट और चिकित्सा सेवा से डॉक्टर घनश्याम आईएएस बन गए हैं। 

दिल्ली में यूपीएससी में 30 और 31 दिसंबर 2020 को अन्य सेवा से आईएएस के चार रिक्त पद भरने के लिए 20 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लिए गए। इनके लिए चयनित 4 नामों की सूची आज डीओपीटी ने जारी कर दी। इनमें डॉक्टर घनश्याम मंत्री ममता भूपेश के पति हैं , तो हेपुष्पा शर्मा सीएम सलाहकार डॉक्टर गोविंद शर्मा की बहन हैं। वहीं शरद मेहरा अभी वित्त बजट निदेशक हैं जिन्हें पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का करीबी माना जाता है। अन्य चयनित सीताराम जाट कृषि सेवा से हैं। कृषि विभाग में संयुक्त निदेशक सीताराम जाट कृषि मंत्री लालचंद कटारिया के करीबी माने जाते हैं। 20 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू हुआ था।

आईटी से अकुल भार्गव,पशुपालन विभाग से डॉक्टर आनंद सेजरा, अनिल अम्बेश, अरविंद कुमार जैन ने इंटरव्यू दिया था।

चिकित्सा से डॉक्टर घनश्याम, जलेंद्र कुमार चारण, केसर सिंह, मदनलाल गुर्जर, डॉक्टर महेंद्र खड़गावत, मुकेश माहेश्वरी, ओमप्रकाश बैरवा, रामकरण आमेरिया, रशीद खान, संगीत कुमार, लेखा सेवा से शरद मेहरा व हेमपुष्पा शर्मा, कृषि से सीताराम जाट,पीडब्ल्यूडी से सुभाष आर्य, सुधीर शर्मा, टीकाराम शर्मा ने इंटरव्यू दिया था।

क्या है यह पूरा मामला-

दरअसल 2017 व 2018 में प्रक्रिया के दौरान आर ए एस के बड़े वर्ग ने इसका विरोध किया था और उन्होंने आरोप लगाया था। वसुंधरा सरकार के बाद गहलोत सरकार के समय भी यह पूरा मामला  लंबित रहा। 30 व 31 दिसंबर 2020 को जब इंटरव्यू हुए थे तब उससे पहले भी RAS एसोसिएशन ने कोर्ट में याचिका दायर की थी जिसे खारिज कर दिया गया। सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा ने पीएमओ को भेजे पत्र में इस प्रक्रिया का विरोध किया था।

वहीं दिल्ली हाईकोर्ट में जारी मामले में कोर्ट ने डीओपीटी को कहा गया था कि वह चयन की प्रक्रिया जारी रखे हालांकि यह नियुक्ति दिल्ली हाई कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। गुरुवार को डीओपीटी के नोटिफिकेशन में भी इन चार अधिकारियों के चयन को दिल्ली हाईकोर्ट में अंतिम निर्णय के अधीन माना गया है।

जयपुर से प्रीति दादूपंथी की रिपोर्ट