श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर
राज्य के ऊर्जा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल तथा कला, साहित्य संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ. बी.डी. कल्ला ने इंदिरा गांधी नहर परियोजना के हरिके बैराज से 30 मार्च से 28 मई 2021 तक 60 दिवस की नहरबंदी को लेकर आवश्यक जल भण्डारण करने के निर्देश दिये है।
डाॅ. बी.डी.कल्ला बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आईजीएनपी में प्रथम 30 दिनों तक आंशिक नहरबंदी तथा शेष 30 दिवस की पूर्ण नहरबंदी रहेगी। नहरबंदी के दौरान सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये सूक्ष्म कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाये। उन्होंने स्टोरेज टेंकों में पूर्ण क्षमता तथा भण्डारण, वैकल्पिक जल भण्डारण, नहरों में की गई पौण्डिंग, नहरों में पानी की चोरी रोकने, जल उपयोग में मितव्ययता बरतने के निर्देश दिये है। मुख्य कैनाल, ब्रांच, वितरिका के अंतिम छोर के ग्रामीणों तक पेयजल योजनाओं की विशेष कार्य योजना, जल परिवहन व निजी नलकूपों के अधिग्रहण, किराये की दरों का निर्धारण, तहसील स्तर पर संवेदनशील हैडवक्र्स पर पुलिस व्यवस्था एवं पैट्रोलिंग आदि सुनिश्चित करने के बाबत आवश्यक तैयारियां की जाकर माॅनिटरिंग करने पर जोर दिया।
बैठक में विधायक राजकुमार गौड़ ने कहा कि नहरबंदी के दौरान विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखा जाये कि कहीं भी पीने के पानी की समस्या न आने पाये। पानी की चोरी न हो, इस बात का भी ध्यान रखा जाये।इसके बाद जिला मिनरल फाउंडेशन की बैठक में विभिन्न निर्माण व विकास कार्यों पर आयोजित मीटिंग में तमाम प्रकार के विकास कार्यों पर सहमति जताते हुए खनन विभाग में विकास के लिए आवंटित 10% राशि में से ₹1 करोड़ 99 लाख की राशि से शिव चौक से सूरतगढ़ बाईपास तक सौन्दर्यकरण करने पर सहमति जताई गई ।इसके साथ-साथ स्कूलों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भी काफी राशि जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद अनौपचारिक बातचीत में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बीडी कल्ला ने बताया कि आने वाले समय में शीघ्र ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत श्रीगंगानगर में आने का कार्यक्रम करवाना है। साथ ही साथ शहर में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों का भी उद्घाटन उनसे करवाया जाएगा। बैठक के बाद एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कला वहां से रवाना हुए।बैठक में सादुलशहर विधायक जगदीश जांगिड़, संभागीय आयुक्त भॅवरलाल मेहरा, पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ