जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट

  

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में चल रहे विधानसभा उप चुनाव—2021 में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन पर प्रभावी कार्यवाही के लिए आमजन ‘सी-विजिल‘(नागरिक सतर्कता) एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस एप की खास बात यह है ​कि आचार संहिता से जुड़ी किसी भी शिकायत का समाधान महज 100 मिनट में हो जाता है। गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम और प्रभावी बनाने के लिए नित नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। इसी कड़ी में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने में इस एप अहम भूमिका निभा रहा है। 



निर्वाचन आयोग ने कई राज्यों में इस एप के जरिए प्रभावी कार्यवाही की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभी तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर प्रर्याप्त सबूतों के अभाव में कडी कार्यवाही नहीं हो पाती थी । अब इस एप के जरिए फास्ट ट्रेक शिकायत प्राप्ति और समाधान प्रणाली से प्राप्त शिकायतों का तय समय सीमा में कार्यवाही संभव होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति एन्ड्राॅयड आधारित सी-विजिल एप को मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सकता है। उन्होंने बताया कि यह एप्लीकेशन केवल उन्‍हीं राज्‍यों की भौगोलिक सीमा के भीतर उपभोग होगी जहां निर्वाचन चल रहे हैं।