स्वर्णनगरी जैसलमेर में बुधवार 24 फरवरी से विश्वविख्यात मरू महोत्सव का आगाज होगा जिसमें राजस्थानी लोक संस्कृति के साथ ही देश के कई प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे और 24 से 27 फरवरी तक जैसलमेर में मरू महोत्सव की धूम रहेगी।
आज बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर हवाई मार्ग से जैसलमेर पहुंचे जिस पर उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह देखने को मिला । मशहूर गायक कैलाश खेर ने जैसलमेर पहुंचने से पहले हवाई यात्रा के दौरान जैसलमेर यात्रा के बारे सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्ट भी की और जैसलमेर पहुंचने के बाद एक वीडियो भी जारी किया है। कैलाश खेर 24 फरवरी को शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में मरू महोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक संध्या में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
गौरतलब है इस बार होने वाले मरू महोत्सव को लेकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी के साथ जिला प्रशासन और जैसलमेर वासियों ने विशेष तैयारियां की है ताकि यहां आने वाले सभी सैलानियों को कोरोना काल के बाद आयोजित होने वाले इस मरू महोत्सव में एक अनूठा अनुभव प्राप्त हो सके। इससे पहले अक्षय कुमार भी लोगों से मरु महोत्सव में हिस्सा लेने की अपील कर चुके हैं।
कैलाश खेर के साथ ही मरू महोत्सव के दौरान म्यूजिकल बैंड कबीर कैफे, बॉलीवुड गायक और इंडियन आइडल फेम स्वरूप खान, मम्मे खान जैसे कई दिग्गज भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।


0 टिप्पणियाँ