जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

सीकर के खाटूश्याम मंदिर में सरकार जल्द एक कॉरिडोर का निर्माण करेगी। इस कॉरिडोर के जरिए VVIP और साधारण श्रद्धालु तोरण द्वार से पहले बने पार्किंग एरिया से सीधे लखदातार ग्राउंड पहुंच सकेंगे। VVIP और साधारण श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग सड़कें बनाई जाएंगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की शुक्रवार को जयपुर में हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

PWD के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि सरकार ने अपने बजट में कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया था। करीब 3.5 किलाेमीटर लम्बाई में बनाए जाने वाले इस कॉरिडोर के लिए 57.60 मीटर चौड़ाई में जमीन का इस्तेमाल होगा। इस कॉरिडोर में ग्रीन बेल्ट भी होगा।

ग्रीन बेल्ट में लगाए जाएंगे छायादार पेड़-पौधे

ग्रीन बेल्ट की चौड़ाई 27.6 मीटर होगी। इसमें हरे छायादार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। ताकि गर्मियों व अन्य समय यहां से गुजरने वाले पदयात्रियों को पेड़ों की छांव मिल सके। साथ ही, यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर होगा। इसके अलावा 7-7 मीटर चौड़ाई की दो सड़कें बनाई जाएंगी। इसमें से एक में वीवीआईपी का मूवमेंट रहेगा, जबकि दूसरी पर आम पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही रहेगी।

तोरण द्वार से पहले शुरू हो जाएगा कॉरिडोर
ये कॉरिडोर रींगस-खाटू रोड (स्टेट हाइवे 113) पर बने तोरण द्वार से पहले शुरू हो जाएगा। लखदाता ग्राउंड तक इसका निर्माण कराया जाएगा। 32 करोड़ रुपए जमीन अधिग्रहण पर खर्च होगा। पर्यटन विभाग ने बजट में इसकी घोषणा पहले ही कर दी थी। इसके अलावा होने वाले निर्माण खर्च के लिए मंदिर ट्रस्ट कमेटी पैसा देगा।

PWD के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने बताया- फाल्गुन माह में लगने वाले लक्खी मेले पर भक्तों की बहुत ज्यादा भीड़ होती है। इस कारण यहां आने-जाने में लोगों को परेशानी होती है। सरकार ने बजट में इसे बनाने की घोषणा भी की थी। इसी के अनुरूप काम किया जा रहा है।