हनुमानगढ़ - विश्वास कुमार 
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत को ऐतिहासिक और पूरे देश में बदलाव का बड़ा संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि आमजनता केंद्र की भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है और कांग्रेस को वापस सत्ता में लाने का मानस बना चुकी है। कर्नाटक की जीत इसका बड़ा उदाहरण है। कर्नाटक से शुरु हुई कांग्रेस की आंधी भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी। कर्नाटक में भ्रष्टाचारी शासन को उखाड़ फेंकने का जनता में माहौल बना हुआ था और उसे पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी नहीं तोड़ पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले जो सरकार बनाई थी वह खरीद-फरोख्त करके बनाई थी और जगजाहिर है कि कांग्रेस-जेडीएस की सरकार तोड़कर भाजपा ने सरकार बनाई थी। मध्यप्रदेश में भी ऐसा ही काम किया था जोकि जनता सब जानती है। जहां-जहां चुनाव हुए वहां पर भाजपा ने हॉर्स ट्रेडिंग करके सरकार बनाने की कोशिश की है लेकिन अब जनता जाग चुकी है। राजस्थान में भी भाजपा ने हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश की थी लेकिन यहां एमएलए ने साथ दिया और जनता भी एकजुट थी इसलिए कांग्रेस की राजस्थान में सरकार बच गई। दादरी ने कहा कि भाजपा ने न तो महंगाई से राहत दी और न ही 15-15 लाख रुपए लोगों के खाते में डालने का सपना पूरा किया लेकिन कांग्रेस सरकार ने महंगाई से राहत, बचत और बढ़त पर काम किया जिससे  आमजन को राहत मिली है और राजस्थान में भी जनता अब अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार को रिपीट करने का मन बना चुकी है।