टोंक ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष एमडी चोपदार ने रविवार को सचिन पायलट पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप मुख्यमंत्री को बदलने की बात करो या मुख्यमंत्री से मांगने की बात करो, आलाकमान दिल्ली में है। मानेसर में आलाकमान थोड़ी बैठी है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष भी दिल्ली में हैं। अगर कोई मांग थी तो वहां जाते। उन्होंने पायलट द्वारा निकाली जा रही यात्रा को निजी बताते हुए कहा कि ये कांग्रेस की यात्रा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो भी बात होती है आलाकमान तक पहुंचाई जाती है। ऐसे रोड से बात थोड़ी होती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कोई भ्रष्टाचार नहीं है।

चोपदार ने कहा कि मदरसा पैराटीचर्स को शिक्षा अनुदेशक बनाकर नियमित करने की पहली सीढ़ी तय की गई है। आगे भी उनके हक के लिए लड़ाई लड़ेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री के सामने उन्होंने अब तक जो भी मांग रखी है, उन्होंने दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान ही ऐसा राज्य है, जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई हुई है। पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई सबके सामने है। उन्होंने ओवैसी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओवैसी यदि मुसलमानों के हितेषी हैं, तो वो बताएं वो मोबलिंचिंग के कितने मामलों में पीड़ितों के घर गए और क्या किया।

उन्होंने मदरसों को आधुनिक सुविधाएं दिए जाने सहित मदरसों के उत्थान आदि की कई योजनाओं के बारे में बताया, लेकिन वो धरातल पर कहां है, स्मार्ट क्लास कितने मदरसों में है वो नहीं बता सके। सवाल करने पर वो यह कहते नजर आए कि तुम नेगेटिव क्यों सोचते हैं। मुख्यमंत्री ने बहुत दिया है, जो भी मांग है इसी साल पूरी कर दी जाएगी। इस मौके पर शिक्षा अनुदेशकों ने भी उनसे बात की। उन्होंने कहा कि संविदा से फिर संविदा पर लेकर उनको गुमराह किया गया है। इसको स्पष्ट किया जाए तथा उनको नियमित किया जाए। इस पर वो पूरी तरह कुछ भी स्पष्ट नहीं कह सके। उन्होंने कहा कि टोंक में सबसे अधिक अनुदेशक है। यहां से उनको लगाव भी रहा है। उनको नियमित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री से बात करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।