जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान सरकार चार साल से अटके हुए ग्रेड थर्ड के तबादले खोलने की तैयारी में है। इसे लेकर पॉलिसी बना ली गई है। तबादले कब से खोले जाएंगे, ये भी लगभग तय हो गया है।

प्रदेशभर के सवा दो लाख ग्रेड थर्ड शिक्षक हैं, जो तबादलों का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश में अलग-अलग विभागों में करीब 10 लाख कर्मचारी हैं, जो सरकार के अधीन आते हैं। दूसरे विभागों में समय-समय पर तबादले हुए, लेकिन ग्रेड थर्ड शिक्षकों को इंतजार अब भी अधूरा है। मई के महीने में शिक्षक और कर्मचारी संघों की ओर से बड़े आंदोलन राजस्थान में होने जा रहे हैं। चुनावी साल में सरकार किसी भी वर्ग की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहती। सरकार को ये भी पता है कि जल्दबाजी में तबादले शुरू किए तो अव्यवस्था फैलने का भी डर रहेगा। यही वजह है कि सरकार तबादलों को लेकर फुलप्रूफ पॉलिसी बना रही है। उम्मीद जताई जा रही है जून में तबादले खोले जा सकते हैं। हालांकि तबादलों की राह में पांच बड़ी चुनौतियां हैं, जिनका समाधान सरकार ढूंढ रही है।