अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट के गहराते विवाद पर केंद्रीय कांग्रेस आलाकमान का क्या स्टैंड है, यह अभी आधिकारिक तौर पर नहीं कहा गया है। लेकिन अलवर में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) सचिव और राजस्थान सह-प्रभारी अमृता धवन ने इशारों-इशारों में बहुत कुछ कह दिया है।

अलवर में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंचीं अमृता धवन ने कहा- पार्टी संगठन ही सबसे बड़ा होता है। वैसे भी जब कभी घोड़े पर दांव लगाना होता है तो जीते हुए घोड़े पर ही लगाना चाहिए। इस समय कांग्रेस पार्टी ही जीता हुआ घोड़ा है।

यह बैठक अलवर शहर के SMD सर्किल स्थित एक होटल में मंगलवार दोपहर 2 बजे हुई। कर्नाटक में कांग्रेस को साफ बहुमत मिलने के बाद राजस्थान पहुंची सह प्रभारी अमृता धवन के साथ गहलोत सरकार के दो कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली और शकुंतला रावत भी बैठक में मौजूद थे।

नाराज नेताओं की बात संगठन के साथ चलकर सुनी जाएगी

दरअसल धवन से सवाल पूछा गया था कि क्या गहलोत-पायलट विवाद का हल क्या है। ऐसे में उन्होंने पार्टी को ही जीता हुआ घोड़ा बताते हुए कह दिया कि पार्टी से ऊपर कुछ नहीं है।धवन ने यह भी साफ कर दिया कि सरकार के विरोध में उतरे नाराज नेताओं की बात संगठन के साथ चलकर ही सुनी जाएगी।

सचिन पायलट और नाराज गुट के नेताओं के जन संघर्ष रैली निकालने और 15 दिन का अल्टीमेटम देने के सवाल पर धवन ने कांग्रेस की वापसी का दावा करते हुए कहा- एक ही बात आप 400 तरीके से पूछेंगे तब भी मेरा एक ही जवाब है कि पार्टी की वापसी हो रही है, सरकार की वापसी हो रही है।

लोग कह रहे हैं कांग्रेस वापसी करेगी

उन्होंने यह भी दावे के साथ कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि वो जो 5-5 साल वाली राजनीति थी, वो जमीन पर नहीं दिख रहा है। धरातल पर लोग कह रहे हैं कि कांग्रेस को वापस आना चाहिए।

उन्होंने भ्रष्टाचार का सवाल करने पर कहा कि पूरे देश में कांग्रेस सबसे क्लीन पार्टी है।

टिकट के लिए कई सर्वे होंगे

क्या सरकार को रिपीट करने के लिए मौजूदा विधायक और मंत्रियों के टिकट काटे जाएंगे? इस सवाल पर धवन ने कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी सहित कई सर्वे चुनाव से पहले होते हैं।

अच्छा काम करने वालों को टिकट दिए जाते हैं। फिर भी विधायकों मंत्रियों की कोई बात आती है तो देखा जाता है। वैसे भी पार्टी संगठन के बड़े निर्णय उच्च स्तर पर छोड़ देने चाहिए।

बीजेपी जहर के बीज बोती है

अमृता धवन ने बीजेपी पर जहर के बीज बोने के आरोप लगाए। कहा- भाजपा बंटवारे, धर्म और जाति की राजनीति करती है। ऐसी सरकारों से तो कांग्रेस कई गुना अच्छी है। कर्नाटक में तो बजरंग बली ने गदा मारकर दिखा दिया कि वे किस के हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डंटे रहना होगा

उन्होंने कहा कि भाजपा की तोड़ने की राजनीति से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस की योजनाओं को जनता के बीच में लेकर जाना पड़ेगा। कांग्रेस के कार्यकर्ता को डंटे रहना पड़ेगा। सब कार्यकर्ता कांग्रेस के झंडे के नीचे हैं। यह देश को बचाने की बात है।

2024 में तीन राज्यों में चुनावों में वापस कांग्रेस को आना है। राजस्थान व छत्तीसगढ़ में सरकारें अच्छा काम कर रही हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए उच्च स्तर पर मीटिंग होती रहती हैं। हमारी पार्टी में सबकी राय ली जाती है। कार्यकर्ता हो, प्रभारी हो या राष्ट्रीय अध्यक्ष, सबकी राय लेकर पार्टी काम करती है।

बैठक में जिला प्रभारी जीआर खटाना, जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित पार्टी के पदाधिकारी, नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

पिछले महीने AICC ने राजस्थान में लगाए 3 सह प्रभारी

पिछले महीने कांग्रेस ने प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा के साथ 3 नए सचिव (सह प्रभारी) नियुक्त किए। इनमें दिल्ली महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन, उत्तराखंड के पूर्व विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन और वीरेंद्र सिंह राठौड़ हैं। वीरेंद्र सिंह राठौड़ पहले भी राजस्थान की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।