कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।  

भाजपा नेता और कोटा की रामगंज मंडी से विधायक मदन दिलावर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे पर तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष 80 साल के हो गए हैं। भगवान उन्हें कभी भी उठा सकता है पर मैं भगवान से प्रार्थना करूंगा कि कम से 200 साल तक उन्हें नहीं उठाए। दिलावर ने खड़गे द्वारा मोदी को जहरीला सांप बताने वाले बयान की आलोचना की।

दिलावर सोमवार देर शाम को उदयपुर दौरे पर थे। उन्होंने कांग्रेस और उनके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि ये अली बाबा के 40 चोरों और पागलों का समूह है जो कुछ भी कर सकता है।

राहत कैंप के जरिए गहलोत कर रहे कमाईः दिलावर
दिलावर ने कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए जा रहे राहत कैंप को लेकर सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा। दिलावर बोले-कांग्रेस के खजाने में धन इकट्टा करने के लिए ये कैंप लगा रहे हैं। जिसमें टेंट, कप्यूटर सहित अन्य खर्च का करीब 10-10 लाख रूपए में ठेका दिया है। इसमें वास्तविक खर्च 10 प्रतिशत होगा। शेष नकद पैसा गहलोत साहब ले लेंगे। जिसे आगामी चुनाव में काम लिया लाएगा।

कांग्रेस को पागल लोग ही मिलते हैंः दिलावर
भगवान राम पर अभद्र टिप्पणी करने वाले राज्य विमुक्त घुमंतु बोर्ड के उपाध्यक्ष चतराराम के बयान पर दिलावर बोले-पागलों के बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है। कई पागलों को मंदिर में पत्थर फेंकते देखा है। कांग्रेस को ऐसे ही लोग मिलते हैं। दिलावर ने कांग्रेस मंत्री प्रतापसिंह खाचरिवास को लेकर कहा कि ये क्या बोलता, क्या नहीं बोलता। कभी गहलोत के पक्ष में तो कभी पायलट के पक्ष में बोलते हैं। ये कांग्रेसी कुछ भी बोल सकते हैं।