जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

आपसी विवाद में एक क्रेशर बिजनेसमैन ने दूसरे क्रेशर बिजनेसमैन का मर्डर कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कारोबारी फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के विरोध में बाजार बंद हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला जोधपुर के ओसियां का है।

जोधपुर ग्रामीण एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि दो दिन पहले 22 मई को ओसियां थाना क्षेत्र के एकलखोरी रहने वाले सुरेश विश्नोई का चेराई के रहने वाले प्रेम सिंह से विवाद हो गया था। प्रेम सिंह का चेराई में ही पत्थर के क्रेशर का काम है। उसी दिन सुरेश विश्नोई अपने साथी के साथ चेराई से एकलखोरी गांव जा रहा था। चेराई में ही प्रेम सिंह के साथ उसका एक साथी प्रेमाराम घर के बाहर बैठे थे। तभी सुरेश दोनों को गाली देते हुए वहां से निकला। इस पर प्रेम सिंह और प्रेमाराम दोनों ने सुरेश विश्नोई का पीछा किया। गाली देने का कारण पूछा तो सुरेश ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

ये बात जब इन दोनों के परिजनों तक पहुंची तो दोनों के पिता ने आपस में इनके बीच राजीनामा करवाया। सुरेश ने प्रेम सिंह से बदला लेने की ठान ली थी। इसके लिए मर्डर का प्लान बनाया।

मारने आया था किसी को, मार गया किसी को
एसपी ने बताया कि दो दिन पहले हुए विवाद के बाद से सुरेश ने प्रेम सिंह को मारने का प्लान बना लिया था। श्याम पालीवाल (30) का भी चेराई में क्रेशर का काम है। वह प्रेम सिंह से मिलने आया था। इसी दौरान सुरेश अपने तीन साथियों के साथ पत्थर काटने वाला औजार लेकर प्रेम सिंह के घर पहुंचा। प्रेम ने जैसे ही सुरेश को औजार के साथ देखा, वह माजरा समझ गया। वह फौरन वहां से फरार हो गया। श्याम पालीवाल को इसका अंदाजा नहीं था। वह कुछ समझ पाता इससे पहले सुरेश ने पत्थर काटने वाला औजार उसके सीने में डाल उसे मौत के घाट उतार दिया।

विरोध में बाजार बंद
हत्या के बाद से सुरेश अपने तीन साथियों के साथ फरार चल रहा है। इसके बाद व्यापारियों ने कस्बे का बाजार बंद करवाया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, उनका विरोध जारी रहेगा। एसपी ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर शव को ओसियां के हॉस्पिटल में रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। गांव में भी बड़ी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है।