कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

हैदराबाद से विधायक टी राजा की मुश्किलें बढ़ गई है। प्रताप जन्मोत्सव पर कोटा में स्वाभिमान रैली में दिए भड़काव भाषण पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भाषण का एनालिसिस करने के बाद धार्मिक व सौहार्द बिगड़ने की संभावना मानते हुए स्वप्रेरणा से मामला दर्ज किया। कुन्हाड़ी थाना सीआई गंगा सहाय ने बताया टी राजा के खिलाफ 153 A व 298 धारा में केस दर्ज किया है। इसकी जांच सीआईडी सीबी करेगी।

टी राजा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा था- राजस्थान में लव जिहाद के नाम पर कन्वर्जन किया जा रहा है। यूपी की लड़कियों को फंसाकर राजस्थान में लाया जा रहा है। राजस्थान में रामनवमी, हनुमान जन्मोत्सव पर पत्थरबाजी होती है। पत्थर मारने वालों पर यहां कोई कार्रवाई नहीं की जाती। राजस्थान के लोगों को अब सोचने और समझने की आवश्यकता है। हमारा भारत देश हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं बन रहा है। साल 2025-26 तक भारत हिंदू राष्ट्र घोषित हो। इसके लिए राजस्थान के नौजवानों को भी संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। अगर हिंदुत्व के प्रति कोई गलत बात करें तो उनको उनकी भाषा में आज जवाब देने की आवश्यकता है। जिन्होंने तलवार की नोक पर धर्म बदला, सलवार सूट पहन घर में दुबके उन्होंने प्रताप की मूर्ति को खंडित करने की कोशिश की।