अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट।  

बीसूका उपाध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष डॉ चंद्रभान बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर अजमेर पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेसियों के द्वारा उनका स्वागत किया गया। डॉ चंद्रभान ने कांग्रेस में चल रहे विवाद पर कहा कि पार्टी में चल रहा गतिरोध चिंताजनक है और आज के परिपेक्ष में सही नहीं। लेकिन इसे लेकर शीर्ष नेतृत्व जल्द ही मामले को सुलझा लेगा। करीब 1 या 2 दिन में प्रदेश प्रभारी रंधावा मीडिया से बातचीत कर इस पूरे मामले की जानकारी देंगे। डॉ चंद्रभान बुधवार को रीट कार्यालय में बीसूका की बैठक लेने के लिए अजमेर पहुंचे थे।

बुधवार को बीसूका उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ चंद्रभान के अजमेर पहुंचने पर सर्किट हाउस में कांग्रेसियों के द्वारा स्वागत किया गया। प्रदेश कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद के सवाल पर डॉ चंद्रभान ने कहा कि पार्टी में चल रहा गतिरोध चिंताजनक है और आज के परिपेक्ष में सही नहीं है। लेकिन इसे लेकर शीर्ष नेतृत्व जल्द ही मामले को सुलझा लेगा।

डॉ चंद्रभान ने कहा कि प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा विगत कुछ दिनों में मीडिया से बातचीत कर मामले की जानकारी देंगे। इससे पहले किसी भी बड़े नेता को इस पर बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अपडेट है और इस मामले में जल्द ही कोई निर्णय लेते हुए मामले को सुलझाया जाएगा।डॉ चंद्रभान ने कहां की मामला राष्ट्रीय नेतृत्व का है और उनके द्वारा इस पर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती है।