जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का मामला विधायकपुरी थाने में दर्ज हुआ है। जान-बूझकर एक व्यक्ति का इंटरव्यू बनाकर फेसबुक पेज पर वीडियो प्रसारित किया गया। विधायकपुरी थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच SHO (विधाकयपुरी) राजेश गौतम कर रहे है।

पुलिस ने बताया कि बजरंग विहार शिप्रापथ निवासी परमेश्वर लाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि हेमराज नाम के व्यक्ति का इंटरव्यू जान बूझकर प्रसारित किया। फेसबुक पेज पर डाले गए वीडियो में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ अपमान, अभद्र व प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाली टिप्पणियां की गई।

सोशल मीडिया फेसबुक वाट्सऐप पर वीडियो वायरल हो रहा है। 12 अप्रैल को रात 8 बजे यह वीडियो डाला। वीडियो में हेमराज नाम का व्यक्ति सीएम अशोक गहलोत के खिलाफ अपमानजनक, अभद्र और धमकी भरी भाषा में टिप्पणियां कर रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद इसका पता चला। जिसके बाद विधायकपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।