जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से घोषणा पत्र में बजरंग दल जैसे संगठनों पर प्रतिबंध लगाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की आग जोधपुर भी पहुंच चुकी है। शुक्रवार को पावटा चौराहे पर बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। सद्बुद्धि यज्ञ किया और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।

बजरंग दल की ओर से कांग्रेस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया। इससे पहले मुख्य चौराहे पर यज्ञ किया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीएफआई जैसे संगठनों के साथ बजरंग दल की तुलना कर प्रतिबंध लगाने की बात करना ही कांग्रेस की ओछी मानसिकता है। अगर कांग्रेस सरकार इसको वापस नहीं लेती है तो पूरे देश में सड़कों पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा।

सामूहिक हनुमान चालीसा का किया पाठ

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पावटा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। पुलिस की घेराबंदी में हुए आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से समेटा गया।

पुतले का जुलूस निकालकर जलाया

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान देश का बल, बजरंग दल और भारत माता की जयकारों के साथ मुख्यमंत्री के पुतले का जुलूस निकाला। उसके बाद पावटा चौराहे पर पुतला जलाया गया।