कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।  

बिजली के बिलों में सरचार्ज बढ़ाने के विरोध में आज भाजपा नेता सड़कों पर उतरे। जिलाध्यक्ष की अगुवाई में विधायक मदन दिलावर, संदीप शर्मा, कल्पना देवी सहित कई नेता और कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में कलेक्टर को ज्ञापन दिया। विधायक दिलावर ने कलेक्टर को चेतावनी देते हुए कहा 'अब याचना नहीं रण होगा, संग्राम महाभीषण होगा, हम किसी को छोंड़ेंगे नहीं'।

इससे पहले कलेक्टर के चैंबर में जाने को लेकर विधायक दिलावर की पुलिस से कहासुनी हुई। दरअसल प्रदर्शनकारी एक साथ कलेक्टर चैंबर में ज्ञापन देने जा रहे थे। गेट पर खड़े पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और बाहर धकेला। उसी समय दिलावर भी गेट पर पहुंचे। दिलावर ने इस बात का विरोध जताया। दोनों तरफ से कहासुनी हुई।


दिलावर ने कहा- शांति धारीवाल के प्यादों 11 लाख रूपए रिश्वत के लिए है। बिजली विभाग में जितना भ्रष्टाचार करके मुख्यमंत्री जी अपने यहां पैसा ले जा रहे हैं उसकी वसूली राजस्थान की जनता से फ्यूल सरचार्ज के नाम पर की जा रही है। जबकि इन्होंने कहा था कि 5 साल तक बिजली के दाम नहीं बढ़ाएंगे। अगर इस पर अंकुश नहीं लगा तो अब याचना नहीं अब रण होगा, संग्राम महाभीषण होगा।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कांग्रेस सरकार, दुनिया को दिखाने के लिए एक तरफ तो 100 यूनिट बिजली फ्री कर रही है। दूसरी तरफ फ्यूल सरचार्ज लगाकर अरबों रुपए लूटने की तैयारी में है। लेकिन जनता इन सब चीजों को समझती है।चाहे जेल भरनी होगी, जेल भरेंगे उग्र आंदोलन करना पड़ा तो आंदोलन भी करेंगे। सरकार को फ्यूल सरचार्ज हर कीमत पर वापस लेना होगा।

विधायक कल्पना देवी ने कहा कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए लोगों से झूठे वादे किए थे। लोगों को गुमराह किया। कांग्रेस ने कहा था कि सत्ता में आने के बाद 5 साल तक बिजली के दाम नहीं बढ़ाएंगे। लेकिन सरकार ने अपने कार्यकाल में 11 बार बिजली के दाम बढ़ाए हैं। बीजेपी के कार्यकर्ता जनता की आवाज बन कर विरोध में उतरे हैं।