अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

अजमेर में देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। यहां होटल में खाना खा रहे युवकों पर बोलेरो सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दूसरी तरफ से भी गोलियां चलाई गईं। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर घायल है। शुरुआती जांच में पुलिस पुरानी रंजिश का मामला मान रही है।

पुलिस के अनुसार किशनगढ़ की होटल चामुंडा में कालानाडा के रहने वाले जतन जाट, भागचंद जाट और राजेश खाना खा रहे थे। रात 9.30 बजे के आसपास एक बोलेरो कार आकर बाहर रुकी। अचानक उसमें से सुरेंद्र, निखिल, महेंद्र, करण सहित कुछ युवक बाहर निकले और हाथों में बंदूक लहराते हुए खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोली लगने से जतन जाट घायल हो गया। इसके बाद उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली बोलेरो में आए करण सिंह (36) नाम के युवक को सीने पर लगी, इसके बाद उसके साथी कार में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना के बाद जतन को अजमेर के जेएलएन अस्पताल भर्ती करवाया गया। वहीं, करण ने यज्ञनारायण अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने मौके पर मौजूद घायल युवक जतन के साथी भागचंद और राजेश से पूछताछ की तो उन्होंने कुछ युवकों के नाम बताए।

मृतक के सीने पर लगी गोली
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी मनीष शर्मा मदनगंज थाना पुलिस, अरांई थाना पुलिस, किशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक सेना के जवान भागचंद व कटसूरा निवासी सुरेंद्र घासल के बीच 15-20 दिन पहले आपसी कहासुनी के बाद विवाद हो गया। इस पर भागचंद ने मामले में अरांई थाने में शिकायत दी थी। तभी से आरोपी सुरेंद्र हमले की फिराक में था।

थाना प्रभारी बोले- दोनों तरफ से चली गोलियां
थाना प्रभारी गुमान सिंह ने बताया- होटल के बाहर दोनों तरफ से फायरिंग हुई है। मेडिकल बोर्ड से जयपुर निवासी करण सिंह का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों का गठन किया गया है। जल्द मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

सीओ महिपाल चौधरी ने बताया कि मामले में दोनों तरफ से मुकदमे दर्ज होंगे। वारदात को लेकर 3 से 4 लोगों को पकड़ा है। जल्दी खुलासा किया जाएगा।