जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

ग्रेटर नगर निगम की साधारण सभा की बैठक जारी है। इससे पहले करीब एक घंटे हंगामे के चलते बैठक रूकी रही। ई-व्हीकल को प्रोत्साहित करने हेतु ई-चार्जिंग पॉइंट लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बीजेपी पार्षद विकास बारहठ व निर्दलयी पार्षद स्वाति परनामी आपस में उलझ गए। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि निर्दलीय पार्षद स्वाति परनामी सदन में ही धरने पर बैठ गई। कांग्रेसी पार्षद बीजेपी पार्षद के खिलाफ "महिला का अपमान नहीं सहेगा राजस्थान" का नारा लगाने लगे। जिसके बाद कांग्रेस पार्षद दल के नेता राजीव चौधरी व भाजपा पार्षद विकास बारहठ आपस में उलझ गए। दोनों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इसके बाद मेयर सौम्या गुर्जर ने सदन की कार्रवाई 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी। लेकिन निर्दलीय पार्षद धरने पर बैठी रही। बाद में मेयर सौम्या गुर्जर, उप महापौर पुनीत कर्नावट व अन्य सदस्यों ने दोनों से समझाइश की। जिसके बाद जाकर मामला शांत हुआ।

बैठक में लगे मोदी-मोदी के नारे
साधारण सभा की बैठक में बीजेपी पार्षदों ने मोदी-मोदी के नारे भी लगाए। दरअसल निगम क्षेत्र में ऑडिटोरियम बनाए जाने के संबंध में प्रस्ताव पर चर्चा हो रही थी। इस बीच कांग्रेसी पार्षदों ने कहा कि आप बोर्ड से ऑडिटोरियम का प्रस्ताव तो पास करवा रहे हो। लेकिन इसे बनाने का पैसा कहां से आएगा। इस पर बीजेपी पार्षद जितेन्द्र श्रीमाली ने कहा कि राज्य सरकार निगम को कोई मदद नहीं करती है। निगम अपने संसाधनों पर ही निर्भर है। इस बात का कांग्रेसी पार्षदों ने विरोध किया तो बीजेपी पार्षद मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। तो कांग्रेस पार्षद गहलोत के नारे लगाने लगे।

इससे पहले आज सुबह बैठक तय समय से एक घंटे देरी से शुरू हुई। बैठक की शुरुआत में ही पक्ष व विपक्ष के सदस्यों ने सीट पर लगे माइक के ठीक से काम नहीं करने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के पार्षदों ने अपनी आवाज दबाने की बात कही तो भाजपा के पार्षदों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस पर मेयर सौम्या गुर्जर ने भी माइक ठीक से काम नहीं करने को लेकर अधिकारियों से नाराजगी जताई। उसके बाद वैकल्पिक माइक की व्यवस्था करके साधारण सभा की बैठक शुरू हुई।
बैठक की शुरूआत में मेयर सौम्या गुर्जर विपक्ष से ज्यादा पक्ष के सदस्यों के निशानें पर रही। प्रस्तावों पर बोलने की व्यवस्था को लेकर जहां विपक्ष ने मेयर पर भेदभाव का आरोप लगाया तो पक्ष के वरिष्ठ पार्षद रामवतार ने तो मेयर सौम्या गुर्जर को सदन नियमों से चलाने की हिदायत ही दे डाली। दरअसल आज साधारण सभा की बैठक में 21 प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही है। इस पर मेयर ने व्यवस्था दी थी कि एक सदस्य एक ही प्रस्ताव पर बोलेगा, जिससे सभी सदस्यों को बोलने का मौका मिले। लेकिन भाजपा के पार्षद रामवतार ने कहा कि सदन को चलाने के नियमों के तहत कोई भी सदस्य कितने भी प्रस्तावों पर बोल सकता है। भाजपा पार्षद जितेन्द्र श्रीमाली ने भी इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जो पार्षद एक से ज्यादा प्रस्तावों पर बोलने की तैयारी करके आए है। उनकी क्या गलती है। जो पार्षद नहीं बोलना चाहते है वो ना बोले। लेकिन जो पार्षद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेना चाहते है। उन्हें मौका दिया जाना चाहिए।

पूर्व मेयर शील धाभाई ने भी कसे तंज
साधारण सभा की बैठक में पूर्व मेयर व भाजपा पार्षद शील धाभाई के निशाने पर भी मेयर सौम्या गु्र्जर रही। माइक खऱाब होने के मामलें में शील धाभाई ने कहा कि हमारे माइक खऱाब है, विपक्ष के चालू है। इस पर मेयर ने कहा कि ऐसा नहीं है विपक्ष भी हमारे साथ है। इस पर धाभाई ने कहा कि विपक्ष तो हमेशा ही साथ देता है, आपका तो विशेष रूप से साथ देता है। वहीं सामूदायिक केन्द्रों के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान शील धाबाई ने बीच में मेयर से कहा कि इसे लेकर बजट कहां से आएगा, इसके बारे में भी बता दीजिए। इस पर मेयर ने कहा कि आप पॉजिटिव चर्चा होने दीजिए। शील धाभाई ने कहा कि मैं तो पॉजिटिव ही बात ही कर रही हूं। इस पर मेयर ने उन्हें टोकते हुए कहा कि आप बीच में मत बोलो, जब आपका नम्बर आएगा तब बोलिएगा।

अब तक इन प्रस्तावों पर हुई चर्चा
- नगर निगम ग्रेटर जयपुर के सामुदायिक केंद्रों को अत्याधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने,सामुदायिक केंद्रों में गर्मी के दिनों में विश्राम स्थल बनाने के संबंध में विचार—विमर्श करके प्रस्ताव पास किया गया।
- निगम के विकसित शवदाह गृह व श्मशान घाट में निगम द्वारा नि:शुल्क गोकाष्ठ उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पास हुआ।
- नगर निगम ग्रेटर के सर्किल, डिवाइडर, तिराहा, चौराहा आदि का विकास एवं संधारण कार्य विकास समितियों, संस्थाओं, कंपनियों के माध्यम से करवाने का प्रस्ताव पास हुआ।
- नगर निगम ग्रेटर जयपुर मुख्यालय कैंपस के गार्डन एरिया में बेसमेंट पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव पास हुआ।
- ई-व्हीकल्स को प्रोत्साहित करने हेतु ई-चार्जिंग पॉइट लगाने के संबंध के संबंध का प्रस्ताव पास हुआ।
- अत्याधुनिक सुविधा युक्त ऑडिटोरियम बनाए जाने के संबंध में प्रस्ताव हुआ पास।