जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने बुधवार को अपना 72वां जन्मदिन मनाया। वह सूबे के मेवाड़ इलाके में आदिवासियों के बीच मौजूद रहें । वहीं गहलोत ने दिन भर कई गांवों में जाकर महंगाई राहत कैंप का जायजा भी लिया। सीएम अशोक गहलोत के जन्मदिन को लेकर पूरे राजस्थान में उत्सव मनाया गया। पार्टी कार्यकर्त्ता सहित कई सामाजिक संगठनों द्वारा सीएम के जन्मदिन को सेवादिवस के रूप में मनाया। राजधानी में कई स्थानों पर ब्लड कैंप, वृक्षारोपण, फल वितरण सहित अन्य सेवा के कार्य किये गए।

बता दें कि सीएम अशोक गहलोत 72 साल के हो चुके हैं। अशोक गहलोत का जन्म 3 मई 1951 को लक्ष्मण सिंह गहलोत के घर जोधपुर में हुआ था। अशोक गहलोत ने साइंस और लॉ में ग्रेजुएट हैं, वहीं उन्होंने अर्थशास्त्र में मास्टर्स की डिग्री भी पूरी की है।

मानसरोवर स्थित साकेत हॉस्पिटल में सीएम अशोक गहलोत के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हॉस्पिटल निदेशक डॉ. प्रवीण मंगलूनिया ने बताया कि हमारे हॉस्पिटल द्वारा साल 2002 से लगातार मुख्यमंत्री जी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस ब्लड डोनेशन कैंप में लगभग 150 यूनिट रक्त स्वास्थ्य कल्याण एवं दुर्लभ जी ब्लड बैंक के सहयोग से एकत्रित किये गए। अधीक्षक डॉ. ईश मुंजाल ने बताया कि हॉस्पिटल से जुड़े स्टाफ और छात्रों ने ब्लड डोनेट किया। गर्मी में लोगों को ब्लड की आवश्यकता बढ़ जाती है ऐसे में मुख्यमंत्री जी के जन्मदिन पर हमारे द्वारा यह सेवा का कार्य पिछले 22 वर्षों से अनवरत जारी है।

वहीं सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे मंत्रालयिक कर्मचारियों द्वारा भी मानसरोवर शिप्रा पथ ग्राउंड के पास तीन अलग अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राजस्थान मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राज सिंह ने कहा कि पिछले 17 दिनों से हमारा धरना जारी है। सीएम साहब के जन्मदिन पर लगभग 500 यूनिट रक्त एकत्रित किये गए। सारे कर्मचारी सीएम साहब के लिए खून देने को तैयार है। लेकिन उनके जन्मदिन पर उनसे कुछ भी हमारी मांग नहीं है।

एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जयपुर में मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवादिवस के रूप में मनाया। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण,एवं फल वितरण किया। वहीं, सीएम अशोक गहलोत के जन्मदिवस पर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन का रक्तदान और प्रदर्शनी कार्यक्रम बिड़ला सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख़्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे एवं राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत भी शामिल हुए।

विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में भी सीएम का जन्मदिन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष, रिको निदेशक, कांग्रेस नेता सीताराम अग्रवाल द्वारा मनाया गया। कार्यकर्ताओं द्वारा पक्षियों को दाना, गायों को चारा खिलाया गया। इसके पश्चात इन्द्रा कुष्ठ आश्रम में भोजन वितरण व जरूरतमंद लोगों में फल वितरण किये गये। कार्यक्ताओं द्वारा जगह जगह ब्लॅड डोनेशन कैंप भी लगाए गए। इस दौरान विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के पार्षद, पार्षद प्रत्याक्षी, ब्लॉक अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, मण्डल कार्यकारणी सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस जन, व क्षेत्रवासी उपस्थित रहें।