जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जोधपुर शहर का 565 वां स्थापना दिवस मेहरानगढ़ दुर्ग के मानसई परकोटे के चौक में धूमधाम से मनाया जाएगा। 12 मई को सुबह 8:00 बजे से मुख्य समारोह मेहरानगढ़ में प्रारंभ होगा। इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नरेश गज सिंह करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए 2 अंतर्राष्ट्रीय, पांच राष्ट्रीय सहित 11 राज्य स्तरीय व एक लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान दिया जाएगा।

स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व नरेश सुबह शहीद ताराचंद सर्किल और मेजर शैतान सिंह सर्किल पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद जसवंत थडा राव जोधाजी मूर्ति पूजन, इंद्रराज सिंघवी की छतरी, तिंवरी के ठाकुर गुमान सिंह राजपुरोहित के चबूतरे एवं ठाकुर श्याम सिंह राखी की छतरी पर पुष्पांजलि की जाएगी।

इसके बाद मुख्य कार्यक्रम मेहरानगढ़ फोर्ट में शुरू होगा।

इनको मिलेगा सम्मान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को राव सीहाजी सम्मान, मिस एनी विसेंट को महाराजा सर प्रताप सिंह सम्मान, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रावल किशन सिंह श्रीरानी भटियाणी मंदिर संस्थान जसोल को राव जोधाजी सम्मान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉक्टर रमेश रलिया को महाराजा हनुमंत सिंह सम्मान, सामान्य नागरिक और रक्षा कर्मों के लिए असाधारण बहादुरी के क्षेत्र में रिटायर आईजी मदन सिंह को मेजर दलपत सिंह सम्मान, पारंपरिक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य के लिए अनुपम शाह को कुंवर करनी सिंह जसोल सम्मान, राजस्थानी लोक संगीत और पारंपरिक कालबेलिया नृत्य के क्षेत्र में कालू नाथ कालबेलिया को पदमश्री कोमल कोठारी सम्मान, लोक संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मरणोपरांत स्वर्गीय लीला देवी सोमानी को महाराजा विजय सिंह सम्मान, धरोहर संरक्षण के क्षेत्र में ओंकार सिंह लखावत को महाराजा मानसिंह सम्मान, प्राकृतिक विरासत और वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में डॉक्टर श्रवण सिंह राठौड़ को महाराजा उम्मेद सिंह सम्मान, महिला सशक्तिकरण मैं ऐश्वर्या भाटी को राजदादीसा बदन कुंवर भटियाणी सम्मान, अजीज प्रेमजी फाउंडेशन को राजमाता कृष्णा कुमारी सम्मान, रतन सिंह राजपुरोहित को गज सिंह द्वितीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।

क्रिकेट में रवि बिश्नोई को युवराज शिवराज सिंह सम्मान, पत्रकारिता के क्षेत्र में मारवाड़ मैगजीन को मुहता नैनसी सम्मान, राजस्थानी भाषा साहित्य को बढ़ावा देने के लिए भंवरलाल सुथार को पदम श्री सीताराम लालस सम्मान, राजस्थानी भाषा काव्य साहित्य क्षेत्र में बीकानेर के हनुमंत किंकर को डॉ नारायण सिंह भाटी मालूंगा सम्मान दिया जाएगा।

साथ ही जान बचाने के लिए मरणोपरांत सुरेंद्र सिंह को राजाराम मेघवाल सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। आजादी से पहले कानून और न्याय क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता लेखराज मेहता को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान दिया जाएगा। यह जानकारी मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के महाप्रबंधक जगत सिंह राठौड़ ने दी।