जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जयपुर पुलिस ने लड़कियों को लूटने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश शादी की वेबसाइट पर युवतियों की प्रोफाइल देख उन्हें फंसाता था। झांसा देकर उनका रेप करता था। फिर गहने और कैश लेकर फरार हो जाता है।

सांगानेर पुलिस ने हरियाणा स्थित अंबाला निवासी सैयद शाह खावर अली (27) को गिरफ्तार किया है। प्रारम्भिक पूछताछ में आरोपी सैयद ने बताया- वह अब तक 50 से अधिक लड़कियों के साथ मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिये मुलाकात कर ठगी कर चुका हैं।

डीसीपी ईस्ट ज्ञान चंद यादव ने बताया- सैयद शाह शादी की वेबसाइट पर लड़कियों को निशाना बनाता है। 6 मई को सांगानेर थाने में एक युवती ने रिपोर्ट दी। उसने आरोप लगाया कि शादी के लिए अपना बायोडाटा मैट्रिमोनियल साइट्स पर डाला। सैयद ने उसे खुद को दिल्ली हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट का एडवोकेट बताया। साथ ही, सिंगापुर में अपना बिजनेस बताया। इसके बाद दोनों के बीच बात होने लगी।

50 से अधिक लड़कियों के साथ कर चुका धोखाधड़ी

पुलिस पकड़ में आए बदमाश सैयद ने बताया- वह अब तक 50 से अधिक लड़कियों के साथ धोखाधड़ी कर चुका हैं। लड़कियों को अपनी मीठी बातों में फंसा कर वह पहले उनका विश्वास जीतता है। फिर कोई बहाना लगाकर उस जगह चला जाता है। जहां पर लड़की रहती है। कुछ दिन लड़की से मिलता है। इस दौरान अपनी बातों से फंसा लेता है। इससे लड़की उस पर भरोसा करने लगती है। फिर जैसे ही उसे मौका मिलता है जेवरात, नगदी, महंगे सामान लेकर फरार हो जाता हैं। लड़कियों के साथ यौन शोषण करने की भी बात पुलिस को बताई है।

पुलिस जांच में सामने आया- सैयद का पुराना मकान दिल्ली के लाजपत नगर में है। वहां के एड्रेस से सिम लेता है। हर तीन-चार महीने में मैट्रोमोनियल साइट्स पर नई लड़कियों को फंसाता है। दिल्ली में इस मामले में सैयद गिरफ्तार भी हो चुका है।

दिल्ली के आसपास की लड़कियों को बनाता निशाना
पुलिस पूछताछ में सैयद शाह अली ने बताया- वह राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, केरल, उत्तराखंड की युवतियों के साथ इस तरह की ठगी कर चुका है। दिल्ली के आसपास वाले राज्यों में रहने वाली लड़कियों पर उसका फोकस होता था। उसकी प्रोफाइल देख कर युवतियां आकर्षित हो जाती थीं। उससे अधिक बातें करती थीं। उन लड़कियों को वह टारगेट किया करता था। पूछताछ में सैयद शाह ने बताया- उसके खिलाफ कई राज्यों में मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस अब उन सभी राज्यों से आरोपी के बारे में संपर्क साधने में लगी हुई है।


जयपुर की युवती के गहने और घड़ी चुरा ले गया

27 अप्रैल को सैयद उससे मिलने के लिए जयपुर आया। जयपुर में अलग-अलग बहाने बनाकर रुका। 6 मई को युवती से मिलने जयपुर में उसके फ्लैट पर पहुंचा। सोने का नया कड़ा बनावाने का बहाना कर घर पर गहने रखने की जगह देख ली। इस दौरान लड़की के किसी बहाने से फ्लैट के बाहर भेज दिया। रुपए और सोना निकाल लिया। फिर युवती को अर्जेंट काम बोलकर निकल गया। जाते समय आरोपी युवती के सोने के गहने और महंगी घड़ी चुराकर ले गया।

पीड़िता ने फोन कर आरोपी से पूछा तो पहले आरोपी ने मना किया। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी मान गया। बाद में फोन बंद कर लिया। इस पर पीड़िता ने तुरंत सांगानेर थाना पुलिस को खुद के साथ हुई ठगी की जानकारी दी। इस पर सांगानेर थाना पुलिस ने पूरे मामले की गम्भीरता को देखते हुए स्पेशल टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की। फोन लोकेशन ट्रेस कर तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।