जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जयपुर के एक बिजनेसमैन को हनीट्रैप में फंसाकर एक करोड़ रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को 5 लाख रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया। वहीं, महिला बिजनेसमैन से 40 लाख रुपए पहले वसूल चुकी है। मामला भट्टा बस्ती थाने इलाके का है। जहां एक 75 साल के बिजनेसमैन ने आरोपी महिला के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए बुधवार सुबह महिला को गिरफ्तार कर लिया।

भट्‌टा बस्ती सीआई विनोद कुमार ने बताया- पीड़ित ने सबूतों के साथ बताया कि निशा शर्मा (56) उर्फ नीरजा शर्मा उन्हें पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही है। पीड़ित ने पुलिस को कुछ वीडियो और ऑडियो दिए। इसमें बताया कि महिला अब तक पीड़ित से 40 लाख रुपए ले चुकी है। साथ ही एक करोड़ रुपए की डिमांड कर रही है। आखिर परेशान होकर पीड़ित ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित और महिला एक दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। इसका फायदा उठा कर महिला उससे पैसा लूट रही है। रेप के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसा लेती जा रही है। महिला ने पीड़ित से साल 2017 में 35 लाख रुपए लिए। इसके बाद महिला ने साल 2019 में 5 लाख रुपए लिए। पिछले कई दिनों से निशा शर्मा पीड़ित बुजुर्ग को पैसों के लिए धमका रही थी। इस पर पीड़ित अपने परिचित के साथ थाने पहुंचा।

शिकायत के बाद पुलिस ने ट्रैप की तैयारी शुरू की। मंगलवार को निशा की डिमांड के अनुसार पीड़ित 5 लाख रुपए लेकर भट्‌टी बस्ती इलाके में पहुंचा। जहां पर महिला ने बुजुर्ग से पैसा लिया। इस दौरान महिला बोली- जल्द और पैसों का इंतजाम करो। नहीं तो पुलिस के पास जाकर तुम्हारी रिपोर्ट दर्ज करावा दूंगी। इसी दौरान भट्‌टी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को पैसों के साथ ट्रैप किया।

पीड़ित व्यापारी ने बताया- वह सीनियर सिटीजन होने के साथ-साथ हार्ट का भी पेशेंट है, लेकिन उसके बाद भी इस महिला को उस पर कोई दया नहीं आई। उसे कई सालों से इसी प्रकार से धमका कर पैसा ले रही हैं।

निशा शर्मा के पति की 20 साल पहले हो गई थी मौत

हनीट्रेप में गिरफ्तार हुई महिला ने पूछताछ में बताया- वह अपने परिवार के साथ विद्याधर नगर इलाके में रहती हैं। उसकी एक बेटी है। उसकी शादी हो चुकी है। पति की मौत को करीब 20 साल हो चुके हैं। पुलिस रिमांड में आरोपी महिला निशा शर्मा से पैसों की रिकवरी का प्रयास कर रही है। निशा शर्मा के द्वारा अन्य किसी को ब्लैकमेल किया गया है या नहीं। इसके बारे में भी पूछताछ चल रही है।

दोनों के संबंधों के बारे में जांच करेगी पुलिस
सीआई भट्‌टा बस्ती ने विनोद कुमार ने बताया- महिला और व्यापारी एक दूसरे को कई सालों से जानते हैं। इनके बीच में पहले क्या हुआ इसकी भी जांच होगी। पीड़ित के पास सभी सबूत हैं। इससे पता चलता है कि महिला ने कब और कितना रुपए उससे लिए। महिला की कई रिकॉडिंग पीड़ित के पास में है। इन दोनों के बीच में क्या सम्बंध रहे होंगे। वह ब्लैकमेलिंग से अलग मामला है।